

मैनपुरी। एनसीसी कैडेट समय की कसौटी पर खरा उतरा है, और देश की वर्तमान सामाजिक-आर्थिक परिदृश्य में भी अपेक्षित आवश्यकता को पूरा कर रहा है। एनसीसी का लक्ष्य युवाओं में चरित्रनिर्माण, कामरेडशिप, अनुशासन, धर्मनिरपेक्ष दृष्टिकोण व साहस की भावना पैदा करना है।
आज हमारा भारत देश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर होकर अपनी अमिट छाप छोड़ता हुआ आगे बढ़ते हुए विश्व में अपनी एक पहचान बनाता जा रहा है। अब वह दिन दूर नहीं जब हमारा देश बहुत जल्द ही एक बार फिर सोने की चिड़िया कहलाया जायेगा। जिसका सारा श्रेय हमारे उन सभी भारतीयों व युवाओं को जाता है जो सीना ताने देश की रक्षा में खड़े हुए हैं।
उक्त उद्गार डॉ0 किरन सौजिया सीनि0 सेके0 एजुूकेशनल एकेडमी के चैयरमैन डॉ0 अशोक कुमार ने अमृत महोत्सव के तहत एनसीसी कैडिटों द्वारा निकाली गयी रैली को हरी झण्डी दिखाते समय व्यक्त किए। उन्होेने यह भी कहा कि राष्ट्र भक्ति से बड़ी कोई भक्ति नहीं है।
वहीं विद्यालय की वाइस प्रेसीडेण्ट डॉ0 किरन सौजिया ने अपने विचारों मे कहा कि जिस देश का युवा, राष्ट्र प्रथम की सोच के साथ आगे बढ़ने लगता है, उसे दुनिया की कोई ताकत रोक नहीं सकती।
जबकि विद्यालय मैनेजिंग डॉयरेक्टर देवकीनंदन खारिया ने कैडेट्स का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम ने देश के युवाओं को आगे बढ़ाने की जो प्रेरणा दी है उसे भुलाया नहीं जा सकता। लोकतंत्र की सच्ची भावना को आत्मसात करने, तथा भारत की आजादी के 75 साल पूरे जोश के साथ मनाने के लिए आप हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता कर प्रत्येक युवा को इस अभियान का हिस्सा बनायें।
इससे पूर्व एनसीसी कैडेट्स द्वारा थ्री यूपी बटालियन एनसीसी कैडिट कमाण्डर ऑफीसर कर्नल जे0एस0 कौशल के मार्ग निर्देशन में बटालियन से आये एनसीसी अधिकारी सूबेदार मेजर साहब खॉन, सूबेदार प्रकाशचन्द्र तथा एएनओ प्रदीप कुमार की देखरेख में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत तिरंगा रैली निकालकर लोगों से हर घर तिरंगा फहराने की अपील की गयी।
तिरंगा जागरूकता रैली कुरावली रोड स्थिति विद्यालय प्रांगण से प्रारम्भ होकर कलेक्ट्रेट होते हुए ईशन नदी पुल से होते हुए महाराणा प्रताप चौराहे पर जाकर एक सभा में परिवर्तित हो गयी, जहाँ एनसीसी कैडिटों द्वारा भारत माता की जय, सुभाष चन्द्र बोस अमर रहे, सरदार भगत सिंह आदि सहित कई जोशीले नारे लगाये। कार्यक्रम में विद्यालय के चैयरमैन डॉ0 अशोक कुमार सहित वाइस प्रेसीडेण्ट डॉ0 किरन सौजिया, एनसीसी एएनसी प्रदीप कुमार तथा मैनेजिंग डॉयरेक्टर देवकीनन्दन खारिया, एजूकेशन डॉयरेक्टर डॉ0 प्रशान्त थोटे, प्रधानाचार्या गौरी एस0 व चन्द्रसेन सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने एनसीसी कैडेट्स को आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया।



