मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने, आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य सड़क सुरक्षा पखवाड़े के अंतर्गत ’’जागरूकता वाहन’’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति संवेदनशील बनाना है। उन्होने कहा कि दुर्घटना के उपरांत शुरुआती समय यानि गोल्डन हॉवर अत्यंत महत्वपूर्ण होता है जिसके बारे में प्रत्येक नागरिक को जानकारी होनी चाहिए यदि कहीं कोई सड़क दुर्घटना घटित होती है तो एक जिम्मेदार, सच्चे नागरिक का कर्तव्य निभाते हुए घायल व्यक्ति को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराने में अपना योगदान दें, ऐसे नेक कार्य करने वाले व्यक्तियों को शासन की गुड सेमेटरन योजना के अंतर्गत रू. 25 हजार तक की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जायेगा।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों का आव्हान करते हुए कहा कि ’’जान है तो जहान है‘‘, इसलिए जीवन की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें, जब कोई व्यक्ति घर से बाहर निकलता है, तो उसका पूरा परिवार उसकी सुरक्षित वापसी की प्रतीक्षा करता है, रैश ड्राइविंग, निर्धारित लेन छोड़कर गलत दिशा या दूसरी लेन में वाहन चलाने तथा ओवर-स्पीडिंग जैसी छोटी-छोटी लापरवाहियां गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का कारण बनती हैं। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को संदेश दिया कि वाहन चलाने को अपनी आवश्यकता के रूप में लें न कि इसे कोई तमाशा या रोमांच न समझें, दुपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट का प्रयोग करें, चारपहिया वाहन में सीट-बेल्ट अवश्य लगाएं, सड़कों पर अनियंत्रित गति से वाहन दौड़ाना स्वयं के साथ-साथ दूसरों के जीवन को भी संकट में डालता है। उन्होंने वाहन चालकों से कहा कि वह अपने और अपने परिवार के सुरक्षित भविष्य के लिए सदैव सुरक्षित गति से वाहन चलाएं। इस दौरान सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी सिद्धार्थ यादव आदि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here