मैनपुरी(सुवि)आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी, त्रुटिरहित और सुगम बनाने तथा मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण एवं जनगणना कार्यों को समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से करहल विधानसभा क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारियों, सुपरवाइजर के प्रशिक्षण सत्र को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रतिनियुक्ति पर तैनात सभी बी.एल.ओ. जिम्मेदार अधिकारी की भांति अपने दायित्वों का निर्वहन करे, जनगणना तथा मतदाता सत्यापन दोनों कार्यों के मध्य बेहतर समय प्रबंधन स्थापित कर निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत लक्ष्य अर्जित करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा बी.एल.ओ. को बूथ लेवल अधिकारी का महत्वपूर्ण पदनाम दिया गया है, सभी कार्मिकों को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी पूर्णतः सजग रहकर कार्य करें। उन्होने बीएलओ को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्धारित तिथि को प्रातः 10 बजे अपने-अपने मतदान केंद्रों पर ग्राम प्रधान, बूथ लेवल एजेंट एवं स्थानीय मतदाताओं की उपस्थिति में मतदाता सूची का सार्वजनिक रूप से पाठन करें, इसे नोटिस बोर्ड पर चस्पा करें। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता एवं साक्ष्य सुरक्षित रखने हेतु इस पूरी प्रक्रिया की फोटोग्राफी, वीडियो रिकॉर्डिंग भी अनिवार्य रूप से कराई जाए ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की शिकायत या आपत्ति उत्पन्न होने पर प्रमाण प्रस्तुत किया जा सके। उन्होंने सुपरवाइजरों से कहा कि वह बीएलए की अद्यतन सूची तत्काल व्हाट्सएप ग्रुप में साझा करें और सभी बी.एल.ओ. संबंधित बीएलए से संपर्क स्थापित कर मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में उनका सहयोग प्राप्त करें।

श्री त्रिपाठी ने घर-घर सत्यापन प्रक्रिया पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए कहा कि बी.एल.ओ. प्रत्येक घर का भ्रमण कर परिवार के सभी सदस्यों का विवरण रजिस्टर में दर्ज करें, सत्यापन के पश्चात प्रत्येक घर की दीवार पर चॉक अथवा मार्कर से स्पष्ट रूप से भ्रमण की तिथि तथा भरे गए प्रारूपों का विवरण अंकित करें, तद्ोपरांत घर के मुखिया से घर के सभी सदस्यों के नाम मतदाता सूची में शामिल हैं, सम्बन्धी प्रमाण पत्र भी प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि अर्ह तिथि 01 जनवरी 2009 या उससे पूर्व जन्मे, छूटे हुए पात्र युवाओं तथा आगामी अर्ह तिथि 01 जनवरी 2027 के भावी मतदाताओं का नाम जोड़ने हेतु प्रारूप-6, प्रवासी भारतीय मतदाताओं के नामांकन हेतु प्रारूप-6ए, मृतक व स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के नाम अपमार्जित करने हेतु प्रारूप-7 तथा प्रविष्टियों में किसी भी प्रकार के संशोधन के लिए प्रारूप-8 भरवाया जाए। उन्होने सचेत करते हुए कहा कि निर्वाचन वर्ष के दृष्टिगत नाम विलोपन की कार्यवाही अत्यंत सावधानीपूर्वक की जाए, बिना पुख्ता प्रमाण, मृत्यु की पुष्टि अथवा परिवार से लिंकेज की जांच किए किसी भी मतदाता का नाम सूची से न काटा जाए। उन्होंने कहा कि टेबल-टॉप एक्सरसाइज के माध्यम से पहले ही एक ही मतदाता के पास एक से अधिक एपिक नंबर होने, नाम, आयु, लिंग, पिता अथवा पति के नाम में त्रुटि, एक ही मकान संख्या में अत्यधिक या असंगत मतदाताओं के दर्ज होने, धुंधली अथवा गलत फोटो तथा गलत पिन कोड जैसी विसंगतियों को चिह्नित कर तत्काल सुधार किया जाए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची के हेडर में सही पिन कोड अंकित होना अत्यंत आवश्यक है क्योंकि पिन कोड सही होने पर ही मतदाता पहचान पत्र डाक के माध्यम से समय पर मतदाता के पते पर पहुंच सकेगा, इसके अतिरिक्त मतदान केंद्रों पर जेंडर रेशियो, ईपी रेशियो तथा 18 से 19 वर्ष और 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के मतदाताओं का भी विशेष परीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक बीएलओ प्रतिदिन 20 से 25 घरों का लक्ष्य निर्धारित कर ग्राम प्रधानों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकों के सहयोग से कार्य करें, तो मात्र 10 दिनों के भीतर दोनों महत्वपूर्ण दायित्वों को आसानी से पूर्ण किया जा सकता है, प्रशिक्षण में सभी उपस्थित बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को मतदाता पंजीकरण से संबंधित हैंडबुक, रजिस्टर वितरित किए गए तथा सभी से पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

इस दौरान उप जिलाधिकारी करहल तेजस कृष्णा प्रसाद, तहसीलदार अरविन्द गौतम, सुपरवाइजर, बूथ लेवल अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here