समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव आज तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद पहुंचे। हैदराबाद के समाजवादी पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं और हजारों लोगों ने श्री अखिलेश यादव का गर्मजोशी से भव्य स्वागत किया। श्री अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी के नेताओं के साथ रथ पर सवार होकर निकले तो सड़क के दोनों किनारों पर लोगों ने खड़े होकर फूलमालाओं से स्वागत किया, जिन्दाबाद के नारे लगाए।
श्री यादव हैदराबाद में शनिवार को समाजवादी पार्टी द्वारा आयोजित विजन इंडियाः एआई समिट में शामिल होंगे।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि आज भारत ऐसा देश बन गया है, जहां लोगों को हर कदम पर मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। समस्याओं का समाधान करने के लिए हमने एक रास्ता सोचा है विजन इंडिया जो एक सकारात्मक, यथार्थवादी, प्रगतिशील भविष्य की ओर ले जाएगा।
हैदराबाद पहुंचने पर मीडिया से बात करते हुए श्री अखिलेश यादव ने कहा कि आज हर जगह और हर स्तर पर एआई (आर्टिफिसियल इंटेलीजेंस) का प्रभाव बढ़ रहा है। कृषि क्षेत्र, मेडिकल क्षेत्र और अन्य सेक्टर में एआई का प्रभाव बहुत तेजी से बढ़ रहा है। हैदराबाद ने तकनीकी के क्षेत्र में बहुत विकास किया है। यहां बहुत काम हुआ है। समाजवादी पार्टी ने एआई को लेकर हैदराबाद में विजन इंडिया कार्यक्रम का आयोजन किया है। विजन इंडिया का मकसद है देश विजन के साथ चले, न्यू इंडिया की दिशा में बढ़े, उस पर चर्चा हो। पॉलिटिकल डिवीजन की नहीं, विजन की हो। पॉलिटिक्स प्रोग्रेसिव हो, नेगेटिव न हो। इसीलिए हम हैदराबाद आये हैं।
वोटरलिस्ट के एसआईआर को लेकर श्री अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आयोग को वोट बढ़ाने के लिए काम करना चाहिए, जिससे वोट बढ़े। लेकिन देखा जा रहा है कि यूपी में करीब तीन करोड़ वोट कटने जा रहा है। भाजपा और चुनाव आयोग मिलकर साजिश कर रहे हैं कि जहां-जहां भाजपा हारी है वहां वोट काट दें। यह लोकतंत्र के खिलाफ षड़यंत्र है।
श्री यादव ने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया जिस तरह से हो रही है वह एसआईआर के बहाने एनआरसी है। भाजपा लोगों के कागज ढुंढ़वा रही है। तमाम तरह के कागज मांगे जा रहे हैं। सबसे बड़ा दुर्भाग्य है कि आधार को नहीं माना जा रहा है। आधार में सारी जानकारी है। आंख की रेटिना का इमेज है। फिंगरप्रिंट है। हर व्यक्ति के बारे में पूरी विस्तृत जानकारी है लेकिन उसे मान्य नहीं किया जा रहा है जिससे लोग परेशान है।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा जनता को परेशान रखना चाहती है। भाजपा ने इसी तरह से नोटबंदी में परेषान किया, जीएसटी से व्यापारियों को परेशान किया, महंगाई बढ़ाई। कोविड में परेशान किया। अब एसआईआर से परेशान कर रही है। यूपी में तीन करोड़ लोगों का वोट कटने जा रहा है। जब लोगों का वोट ही नही होगा, वोट नहीं डाल पाएंगे, तो कैसा लोकतंत्र होगा। बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी ने संविधान के द्वारा सभी को एक वोट डालने का अधिकार दिया था। यही वोट हमें हक दिलाता है। आरक्षण दिलाता है और न्याय दिलाता है। नौकरी दिलाता है। भाजपा उसी अधिकार को छीन रही है। यह भाजपा की साजिश है।
श्री अखिलेश यादव ने वंदे मातरम् को लेकर कहा कि जिन्होंने आजादी के आंदोलन में वंदे मातरम् नहीं गाया था, आजादी के बाद भी नहीं गाया। जिन्हें तिरंगा नहीं पसंद है, एक रंगी पसंद है वे लोग आज वंदे मातरम की बात कर रहें हैं। इससे पहले एक सवाल के जवाब में श्री यादव ने कहा कि तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर और पूर्व मंत्री केटीआर साहब हमारे साथी है। मैं उनके साथ हमेशा रहा हूं और साथ रहूंगा।
श्री अखिलेश यादव के हैदराबाद पहुंचने पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री श्री रेवन्त रेड्डी ने उनका स्वागत किया और मुलाकात की। (राजेन्द्र चौधरी),मुख्य प्रवक्ता समाजवादी पार्टी, उत्तर प्रदेश



