समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय लखनऊ समेत सभी जिला कार्यालयों में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनायी गयी। साथ ही समाजवादी आंदोलन के जनक आचार्य नरेन्द्र देव की जयंती मनायी गयी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने आचार्य नरेन्द्र देव और लौह पुरुष सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। इस मौके पर मौजूद सभी नेताओं ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा में योगदान देने का संकल्प लेकर सामाजिक न्याय के राज की स्थापना और श्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में सन् 2027 की सरकार बनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहरायी।

समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए श्री अखिलेश यादव ने कहा कि हम सब लोग आज लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती मना रहे हैं। सरदार पटेल ने मजबूत फैसले लेकर रियासतों को भारतीय संघ में मिलाकर देश को एक किया। लौह पुरुष सरदार पटेल बहुत मजबूत नेता थे। उन्होंने देश की एकता अखंडता के लिए मजबूत फैसले लिए। आज हम लोग संकल्प लेते हैं कि उनके बताए रास्ते और विचारों पर चलते है। देश और प्रदेश को मजबूत करेंगे।

श्री अखिलेेश यादव ने कहा कि आने वाली पीढ़ी के भविष्य को बनाने के लिए समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर लौह पुरूष सरदार पटेल के नाम पर युवाओं के लिए आज की जरूरत के हिसाब से माडर्न और तकनीकी यूनिवर्सिटी बनाएंगे। उनके सम्मान में बड़ा काम किया जायेगा।

श्री यादव ने कहा कि सरदार पटेल का जो रास्ता था वही पीडीए का रास्ता है। पीडीए पीड़ा के एक सूत्र में बंधा हुआ है। भाजपा सरकार पटेल के विचारों के साथ खिलवाड़ कर रही है। भाजपा समाज में नफरत फैलाती है। साम्प्रदायिक सौहार्द खराब करती है। भाजपा की मूल पार्टी आरएसएस है। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने आरएसएस पर प्रतिबंध लगाया था। आरएसएस पर साम्प्रदायिक सौहार्द खराब करने नफरत फैलाने का आरोप था। भाजपा अपनी कमियों को छिपाने के लिए सरदार पटेल की बात करती है। भाजपा देश की एकता के लिए खतरा है। इसने देश को कमजोर किया है। भाजपा से सावधान रहना है। उत्तर प्रदेश और देश को बचाना है।

श्री अखिलेश ने कहा कि लौह पुरूष सरदार पटेल ने सभी रियासतों को भारत में मिलाकर अखंड भारत का निर्माण किया। देश की सीमाओं को बढ़ाया था। भाजपा सरकार में देश की सीमाएं सिकुड़ रही है। चीन हमारे देश की जमीन पर अतिक्रमण करता है। भाजपा सरकार उसी के साथ व्यापार बढ़ा रही है। भाजपा सरकार बताएं की जब वह 2014 में केन्द्र की सत्ता में आयी थी तब भारत का क्षेत्रफल कितना था और अब उसके 11 साल सरकार में रहने के बाद देश का क्षेत्रफल कितना बचा है? उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार देश की भौगोलिक स्थिति के प्रति लापरवाह है। केन्द्र सरकार विदेश नीति, आर्थिक नीति और हर मामले में फेल है। अमेरिका हमारे व्यापार पर टैरिफ लगा रहा है। अमेरिका के राष्ट्रपति हर दिन प्रधानमंत्री जी पर अपमानजनक टिप्पणी करते हैं। भाजपा सरकार के पास कोई जवाब नहीं है। केन्द्र सरकार ने देश का बाजार चीन को सौंप दिया है। भाजपा सरकार भारत को आत्मनिर्भर नहीं बना सकती है।

इस अवसर पर पूर्व सांसद श्री उदय प्रताप सिंह, पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्री श्याम लाल पाल, सांसद श्री नरेश उत्तम पटेल सांसद श्री लालजी वर्मा, सांसद श्री एसपी सिंह पटेल, श्री उत्कर्ष वर्मा, पूर्व सांसद श्री अरविन्द कुमार सिंह, पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री नरेन्द्र वर्मा, विधायकगण डॉ. आरके वर्मा, संदीप वर्मा, अनिल वर्मा, डॉ. एच.एन. सिंह पटेल, पूर्व विधायक अरुण वर्मा, पूर्व एमएलसी श्रीमती कांति सिंह आयोजक, डॉ. आशुतोष वर्मा तथा डॉ. आर.के. वर्मा, आर.के चौधरी, डॉ. आर.के. वर्मा, डॉ. देवेन्द्र सिंह, शिक्षक सभा के प्रदेश अध्यक्ष श्री एसपी सिंह पटेल, श्री जावेद आब्दी, प्रो0 विनीत कुमार, श्री वीपी सिंह, कुमारी आस्था पटेल, नीता सचान, श्री प्रदीप सारंग, पवन यादव, महेश पटेल, मनोज यादव, सोहेल अहमद आदि ने आचार्य नरेन्द्र देव और लौह पुरुष सरदार पटेल के चित्रों पर माल्यार्पण कर नमन किया। कार्यक्रम का संचालन श्री रितेश पटेल ने किया।(राजेन्द्र चौधरी)मुख्य प्रवक्ता,सपा।



