कुं. आर. सी. महिला महाविद्यालय, मैनपुरी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) की संयुक्त इकाई द्वारा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शेफाली यादव ने की। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल भारत की एकता, अखंडता और दृढ़ इच्छाशक्ति के प्रतीक थे। उनकी जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाना युवाओं को यह संदेश देता है कि हम सब एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को साकार करें। इस अवसर पर छात्राओं के बीच भाषण एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने सरदार पटेल के जीवन, एकता और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए।
एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी डॉ अनामिका सिंह तथा जया सिंह ने भी छात्राओं को भारत के लौह पुरुष सरदार पटेल के व्यक्तित्व एवं देश के प्रति उनके समर्पण एवं योगदान के बारे में विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए कहा किसरदार पटेल ने देश की 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर आधुनिक भारत की नींव रखी। आज के युवाओं को उनके विचारों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। एन एस एस का मूल उद्देश्य भी यही है कि देश की युवा शक्ति देश के विकास में सक्रिय भागीदार बने।
कार्यक्रम में एन.एस.एस. स्वयंसेवक छात्राओं ने देश की एकता, समर्पण और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। अंत में प्रतियोगिता में विजेता छात्राओं को सम्मानित किया गया। उक्त कार्यक्रम में महाविद्यालय के अन्य शिक्षक- शिक्षिकाएं भी शामिल रहीं।



