कुँ. आर. सी. महिला महाविद्यालय, मैनपुरी में उत्तर प्रदेश सरकार की ‘मिशन शक्ति 5.0’ योजना के अंतर्गत महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर केंद्रित एक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की सक्रिय छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

गोष्ठी का उद्देश्य छात्राओं को स्वास्थ्य, पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता, आत्मरक्षा तथा लैंगिक समानता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक करना था, जो ‘मिशन शक्ति 5.0’ के प्रमुख उद्देश्य हैं। कार्यक्रम में विशेषज्ञों द्वारा महिलाओं की शारीरिक एवं मानसिक सेहत से जुड़े विषयों पर सरल और प्रभावशाली ढंग से जानकारी साझा की गई।

प्राचार्या डॉ. शेफाली यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि मिशन शक्ति का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति सशक्त बनाना है। इस प्रकार की जागरूकता गोष्ठियाँ छात्राओं को न केवल जानकारी देती हैं, बल्कि उन्हें आत्मविश्वासी और सजग नागरिक बनने की प्रेरणा भी देती हैं। NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ अनामिका सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को बढ़ाना है। महिला स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षा जैसे विषयों पर संवाद छात्राओं के समग्र विकास में सहायक होते हैं। कार्यक्रम अधिकारी जया सिंह ने कहा कि यदि छात्राएं अपने स्वास्थ्य एवं पोषण के महत्व को समझेंगी तो निःसन्देह समाज में सकारात्मक परिवर्तन आएगा। छात्राओं ने स्त्री स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी पोस्टर तथा कार्ड इत्यादि के माध्यम से कार्यक्रम को सफल बनाया। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं ने स्वास्थ्य, स्वच्छता और महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में इस संदेश को फैलाने की शपथ ली। कार्यक्रम में महाविद्यालय की सभी शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।