मैनपुरी(सुवि) जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने मिशन शक्ति-5.0 के तहत राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, डी.आर. मैरिज हॉल में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षिकाओं, बालिकाओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का आव्हान करते हुए कहा कि महिला शिक्षा-सुरक्षा के कार्यक्रमों को सफल बनाने में सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण भूमिका आप लोगों को निभानी है। उन्होने कहा कि पुरूष प्रधान समाज में महिलाओं के प्रति तेजी से धारणा बदल रही हैं, समाज के बीच फैली तमाम कुरीतियां धीरे-धीरे समाप्त हो चुकी हैं, केन्द्र-प्रदेश सरकार ने महिलाओं के स्वावलाम्बन, आर्थिक उन्नति के लिए तमाम योजनाएं संचालित कीं, जिसका लाभ पाकर आज की महिला परिवार, समाज के साथ देश-प्रदेश के विकास में अपना योगदान दे रही हैं, आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं हैं, बेटियों ने हर क्षेत्र में अपना नाम रोशन किया है। उन्होने कहा कि महिला के बिना सृष्टि की कल्पना नहीं की जा सकती, देश की जनसंख्या का आधा हिस्सा मातृशक्ति है और मातृशक्ति की रक्षा, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य का जिम्मा जिला प्रशासन के ऊपर है। उन्होने कहा कि महिलाओं, बालिकाओं, बच्चों को चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है, प्रदेश सरकार ने महिलाओं के सर्वांगीण विकास, उत्थान, स्वावलंबन के लिए तमाम योजनाएं संचालित की हैं, महिलाओं की सुरक्षा हेतु 1090, 181 टोल फ्री हेल्पलाइन लागू की है, बाल अपराध की दशा में 1098 पर तत्काल सहायता हेतु पुलिस हैल्पलाईन 112 पर तत्काल सूचना दें।
मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने कहा कि हमें ऐसी व्यवस्था देनी होगी जहां समाज में बेटी-बेटा में भेद-भाव न किया जाए, बेटियों को भी स्वतंत्र माहौल में जीने की इजाजत हो, उन्हें बेहतर शिक्षा मिले ताकि वह भी अपना व्यक्तित्व निखार कर देश, समाज के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकें। उन्होंने कहा कि बच्चों को चरित्रवान बनाएं, उन्हें सही मार्ग प्रशस्त कर चरित्र निर्माण की शिक्षा दें, ऐसा वातावरण बनाएं कि सभी लोग अपनी मां, बहन, बेटी की भांति दूसरी बेटियों की इज्जत करें। उन्होने कहा कि आज से महिलाओं-बालिकाओं की सुरक्षा व सम्मान के मकसद से मिशन शक्ति-नारी सुरक्षा-नारी सम्मान अभियान संचालित है, आप सब महिलाओं-बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन तथा महिला अपराध तथा बाल अपराध के संबंध में चर्चा कर खासतौर पर महिलाओं, बालिकाओं को जागरूक करें।
जिलाधिकारी के कुशल-निर्देशन में जनपद में मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत महिलाओं-बालिकाओं को जागरूक करने, महिलाओं-बालिकाओं के आर्थिक उन्नयन, शिक्षा-स्वास्थ्य-सुरक्षा हेतु संचालित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक मिशन शक्ति के तहत कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं, इसी क्रम में महिला कल्याण विभाग द्वारा मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत आई.सी.एल. वर्ल्ड स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, कार्यक्रम में बाल संरक्षण अधिकारी द्वारा महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित राज्य, जिला स्तरीय संकेतकों जैसे जनसंख्या अनुपात, जन्म एवं मृत्यु दर, लिंगानुपात, विद्यालय छोड़ने की दर, बाल विवाह की स्थिति, यौन शोषण के प्रकरण, संस्थागत प्रसव की स्थिति, साक्षरता दर तथा महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाली हिंसा को समाज के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी हृदय नारायण, जिला प्रबोशन अधिकारी राजनाथ राम, प्रधानाचार्या राजकीय कन्या इंटर कॉलेज सुमन यादव, बाल विकास परियोजना अधिकारी हरिओम बाजपेयी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, शिक्षिकाएं, बड़ी संख्या में छात्राएं आदि उपस्थित रहे, कार्यक्रम का संचालन बाल संरक्षण अधिकारी अल्का मिश्रा ने किया।



