मैनपुरी(सुवि)’सुनो गौर से दुनिया वालो चाहे जितना जोर लगा लो सबसे आगे होंगे हिंदुस्तानी’’ हिंदू-मुस्लिम-सिक्ख-ईसाई ’’हम वतन-हम नाम है, जो करे इनको जुदा, मज़हब नहीं- इल्जांम है’’ जैसे राष्ट्रभक्ति गीतों से गूंजती सदाएं, भारत माता की जय, वंदे मातरम, इंकलाब जिंदाबाद के नारों से गूंजता वातावरण, हजारों की संख्या में हाथों में देश की आन-बान-शान तिरंगा लहराते युवाओं, छात्रों का हुजूम जन-प्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में अमन इंटरनेशनल स्कूल से प्रारंभ हुआ तो ऐसा लग रहा था कि आजादी के महोत्सव के को मनाने के लिए अधिकांश जनपदवासी सड़क पर उमड़ पड़े, अमन इंटरनेशनल स्कूल से लेकर भांवत चौराहा, स्टेशन रोड से क्रिश्चियन तिराहा, बस स्टेण्ड के समीप सहकारी बैंक का पूरा क्षेत्र तिरंगामय दिख रहा था, राष्ट्रभक्ति के गूंजते तराने, देश को आजाद कराने में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों पर आधारित स्लोगन तिरंगा रैली में आकर्षण का केन्द्र बने हुये थे।

IMG 20260813 WA0018 1

राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा उ.प्र. धर्मवीर प्रजापति ने मॉ भारती के चित्र पर माल्यार्पण कर, मॉ भारती को नमन करते हुए ’’हर घर तिरंगा’’ ’’तिरंगा कॉन्क्लेव’’ तिरंगा रैली के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित विशाल जन-समूह को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी हमें सहज रूप से प्राप्त नहीं हुई, देश को स्वतंत्र कराने के लिए जल, थल और नभ से जुड़े अनगिनत वीर सपूतों, महापुरुषों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया, असंख्य लोगों ने अपना जीवन देश के नाम समर्पित किया। उन्होने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य केवल आयोजन नहीं बल्कि नई पीढ़ी को यह बताना है कि जिस आजाद भारत में हम आज स्वतंत्रता के साथ जीवन जी रहे हैं, उसे पाने के लिए हमारे पूर्वजों ने कितना बड़ा त्याग, बलिदान दिया, आज की युवा पीढ़ी को देश के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम और महापुरुषों के योगदान से परिचित कराना हम सबकी जिम्मेदारी है, ऐसे आयोजनों के माध्यम से राष्ट्रभावना मजबूत होती है और युवाओं में देश के प्रति सम्मान, समर्पण और जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। उन्होने कहा कि देश के प्रधानमंत्री जी द्वारा ’‘हर घर तिरंगा’’ का आह्वान इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास है, तिरंगे के सम्मान और राष्ट्र की एकता को सर्वाेपरि रखते हुए प्रत्येक नागरिक को देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए, राष्ट्र सर्वाेपरि है और देश के सम्मान के साथ किसी प्रकार का भेद-भाव नहीं होना चाहिए, सभी नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करना चाहिए और राष्ट्रीय एकता, अखंडता को मजबूत करने में योगदान देना चाहिए।

IMG 20260813 WA0019

प्रभारी मंत्री ने कहा कि हमें देश की स्वतंत्रता के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले महान नेताओं, स्वतंत्रता सेनानियों को केवल विशेष अवसरों पर याद करने तक सीमित न रखें बल्कि उनके विचारों, आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं। उन्होने जीवन की वास्तविकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दुनियां में अनेक चक्रवर्ती राजा आए और चले गए लेकिन कोई भी व्यक्ति अपने साथ एक इंच जमीन तक लेकर नहीं गया, मनुष्य कितना भी धन अर्जित कर ले अंततः उसे सब कुछ यहीं छोड़कर जाना पड़ता है, इसलिए जीवन का वास्तविक महत्व केवल धन, संपत्ति अर्जित करने में नहीं बल्कि समाज, देश के लिए समय देने तथा कुछ अच्छा करके जाने में है। उन्होने आह्वान करते हुए कहा कि अपने बच्चों, आने वाली पीढ़ी को देश के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम, महापुरुषों के त्याग और राष्ट्र की संस्कृति के बारे में जानकारी दें, यह केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होने कहा कि देश के इतिहास में ऐसे अनेक महान नेता, महापुरुष रहे हैं, जिन्होंने आजाद भारत के लिए अपना जीवन न्योछावर किया, ऐसे आयोजनों का उद्देश्य उन्हीं महापुरुषों को याद करना और युवा पीढ़ी को उनके योगदान से परिचित कराना है, जब युवा अपने देश के इतिहास और स्वतंत्रता के लिए किए गए संघर्ष को समझेंगे, तभी उनके अंदर राष्ट्र के प्रति गौरव और जिम्मेदारी की भावना और मजबूत होगी।

IMG 20260813 WA0017 1

पूर्व मंत्री, विधायक भोगांव रामनरेश अग्निहोत्री ने कहा कि देश को स्वतंत्रता लंबे संघर्षों, असंख्य स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदानों के पश्चात प्राप्त हुई है, स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीर सपूतों के त्याग, संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों, जिम्मेदारियों को याद करने का भी दिन है। उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान और तिरंगा यात्राओं के माध्यम से राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को व्यापक रूप से जन-जन तक पहुंचाया गया है, आज देश के गांवों, कस्बों और शहरों में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं, लोग अपने घरों पर गर्व, सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में भी परिस्थितियों में बड़ा बदलाव आया है, धारा-370 हटाए जाने के बाद वहां राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना मजबूत हुई है, आज जम्मू-कश्मीर में भी लोग पूरे गौरव के साथ तिरंगा फहरा रहे हैं, बड़ी-बड़ी तिरंगा यात्राओं का आयोजन हो रहा है, यह बदलता हुआ वातावरण देश की एकता, अखंडता, राष्ट्र-भावना का प्रतीक है।

IMG 20260813 WA0015

जिलाध्यक्ष ममता राजपूत ने कहा कि देश की आन-बान-शान तिरंगा हमेशा ऊर्जा प्रदान करने का कार्य करता है, तिरंगे का केसरिया रंग हमें शक्ति, साहस, समृद्धि, सफेद रंग शांति एवं हरा रंग भूमि की पवित्रता का बोध कराता है। तिरंगे के बीच में 24 तीलियां हमें 24 घंटे कार्य करने की प्रेरणा देती हैं, हमें अपने तिरंगे की आन-बान-शान को बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय भावना को मजबूत करने के लिए ’‘वंदे मातरम्’’ और तिरंगे जैसे राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान की भावना को समाज में और व्यापक रूप से बढ़ावा देना होगा देश की एकता, अखंडता और सम्मान को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए सभी नागरिकों को मिलकर राष् निर्माण में योगदान देना होगा।

तिरंगा रैली समापन के उपरांत राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा उ.प्र. धर्मवीर प्रजापति, जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, भूपेन्द्र यादव, डॉ. विमल पाण्डेय, जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने नगर पालिका के शहीद पार्क में स्थापित शहीदे आजम भगत सिंह, शहीद राजगुरू, शहीद सुखदेव की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किये।

तिरंगा रैली में रिधिमा वर्ल्ड स्कूल, लॉर्ड कृष्णा एजूकेशन एकेडेमी, सुदिति ग्लोबल एकेडेमी, राशी ग्लोबल सीनियर सेकेण्डरी एकेडेमी, अमन इंटरनेशनल स्कूल, क्रिश्चियन इंटर कॉलेज, डॉ. किरन सौजिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेंट मैरी स्कूल आदि विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह, उमंग के साथ प्रतिभाग किया। इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनंद, अपर पुलिस अधीक्षक अरूण कुमार, परियोजना निदेशक शोभनाथ चौरसिया, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, उपायुक्त एन.आर.एल.एम. शौकत अली के अलावा अन्य अधिकारी, पैक्सफेड के अध्यक्ष प्रेमसिंह शाक्य, नगर पालिका अध्यक्ष संगीता गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गोविन्द भदौरिया, पूर्व विधायक अशोक सिंह चौहान, ब्लॉक प्रमुख मुनेष चौहान, विजेंद्र चौहान, कश्मीर सिंह राजपूत, पूर्व जिलाध्यक्ष शिवदत्त भदौरिया, राहुल चतुर्वेदी, अरविंद तोमर, उदय चौहान, अनुजेश यादव, भूपेंद्र यादव, संजय चौहान, सीमा चौहान, सुमन चौहान, मनोरमा सिंह, शिखर मोहन, सौरभ दुबे, विशाल वाल्मीकि, प्रदीप तिवारी, ज्ञानेंद्र चौहान, पंकज भदौरिया, नंदीश वशिष्ठ सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी आदि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here