समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने आज बिहार विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में दो चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित किया। श्री अखिलेश यादव ने पूर्वी चम्पारण जिले के मोतिहारी विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी श्री देव गुप्ता और सीतामढ़ी के रून्निसैदपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी श्री चन्दन कुमार के समर्थन में विशाल चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित किया।

श्री अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार के पहले चरण के चुनाव में हवा इंडिया गठबंधन की है। पहले चरण से संदेश जा रहा है कि बिहार में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। बिहार की जनता युवा तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए वोट कर रही है। बिहार में नौकरी देने वाला मुख्यमंत्री बनने जा रहा है।

श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने जनता को ठगा है। भाजपा लगातार झूठ बोल रही है। भाजपा धोखा देती है। इस बार बिहार की जनता भाजपा को बाहर कर रही है। भाजपा के पास ए टीम, बी टीम, सी टीम और पी टीम है। जबकि इंडिया गठबंधन के पास वीआईपी पार्टी है श्री मुकेश साहनी हैं। बिहार में नयी सरकार बनेगी, तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। नया बिहार बनेगा। बिहार का विकास होगा। नौजवानों को नौकरी और रोजगार मिलेगा। तेजस्वी यादव हर घर में युवाओं को नौकरी देंगे। भाजपा के एजेंडे में कभी नौकरी नहीं रही। भाजपा की केन्द्र में दस साल के सरकार में है। युवाओं को नौकरी नहीं दी। बिहार की जनता केन्द्र सरकार के 10 साल और बिहार सरकार के 20 साल कुल मिलाकर 30 साल का हिसाब लेगी। भाजपा सरकार जनता के सवालों का जवाब नहीं दे रही है।

श्री अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और युवाओं के पलायन के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। भाजपा ने बिहार में महंगाई, बेरोजगारी बढ़ाई है। बजट की लूट की है। भ्रष्टाचार किया है। भाजपा ने किसानों, नौजवानों को धोखा दिया। वादे पूरे नहीं किए। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। भाजपा सरकार के लोग खाद की बोरी में भी चोरी करते हैं। डीजल, पेट्रोल को महंगाकर दिया। जीएसटी लगाकर मोटर साइकिल का दाम बढ़ा दिया था। महंगाई बढ़ाने के लिए भाजपा जिम्मेदार है।

श्री अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार के लोग चाणक्य के जमाने से राजनीति में पारंगत है। लेकिन अब दिल्ली से आकर कुछ लोग बिहार के लोगों को राजनीति सिखा रहे है। बिहार सौहार्द और सामाजिक न्याय की धरती है। इतिहास गवाह है कि बिहार के सम्राटों ने भारत को एक किया था। देश में एकता, भाईचारे का संदेश दिया है लेकिन अब सत्ता में बैठे लोग नफरत फैला रहे हैं। समाज को बांट रहे हैं।

श्री अखिलेश यादव ने कहा कि नफरत फैलाने वाली साम्प्रदायिक ताकतों को हरा कर नया बिहार बनाना है। पीड़ित, शोषित, वंचित समाज को साथ लाकर बिहार में सामाजिक न्याय के राज की स्थापना करना है। बिहार में सरकार बदलेगी तो बिहार बदलेगा। नौजवानों को नौकरी और रोजगार मिलेगा। भ्रष्टाचार खत्म होगा। यह चुनाव बिहार के भविष्य का चुनाव है। नौजवानों के भविष्य का चुनाव है। बिहार से पूरे देश में संदेश जा रहा है। यहां की जनता बिहार सरकार को बदलेगी और हम समाजवादी उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बदल देंगे। समाजवादियों ने लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा को हराया है। अब 2027 के विधानसभा चुनाव में भी हराएंगे।(राजेन्द्र चौधरी)मुख्य प्रवक्ता,सपा।



