समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने सुप्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पंडित छन्नूलाल मिश्र (91 वर्ष) के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पंडित मिश्र का निधन भारतीय शास्त्रीय संगीत के लिए अपूरणीय क्षति है। श्री यादव ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

IMG 20251003 WA0011 1

पंडित छन्नूलाल मिश्र जी भारतीय संगीत जगत के ऐसे नक्षत्र थे जिन्होंने अपने जीवन को संगीत साधना के लिए समर्पित कर दिया। उन्हें पद्म विभूषण और यश भारती जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से अलंकृत किया गया था। वे किराना घराने और बनारस घराने की गायकी के अप्रतिम साधक थे। उनकी गायकी में गहराई, संवेदनशीलता और परंपरा का अद्वितीय संगम मिलता था।

 

वे न केवल खयाल गायन के आचार्य थे बल्कि ठुमरी, भजन, दादरा, कजरी और चैती के भी बेजोड़ गायक थे। पंडित मिश्र ने देश-विदेश में भारतीय संगीत की गरिमा को ऊँचाई प्रदान की। संगीत की विभिन्न शैलियों में उनकी पकड़ और गायकी का रस आज भी संगीत प्रेमियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

 

श्री अखिलेश यादव ने कहा कि पंडित छन्नूलाल मिश्र का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए आदर्श है। उन्होंने जिस तरह से भारतीय संस्कृति और शास्त्रीय संगीत को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई, वह सदैव स्मरणीय रहेगा। समाजवादी पार्टी संगीत व कला जगत की इस क्षति को गहराई से महसूस करती हैं