हाई-रिस्क एरिया में बरती जाए विशेष सावधानी, अधिकारी आपस में समन्वय स्थापित कर लोगों को मच्छर जनित बीमारियों से बचाव की दिशा में करें कार्य-अंजनी कुमार।

मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने 05 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दि. 11 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले दस्तक अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु अन्तर्विभागीय समन्वय समिति की द्वितीय बैठक के दौरान खंड विकास अधिकारियों, जिला पंचायत राज अधिकारी से कहा कि झाड़ियों के कटान से लेकर तालाबों की सफाई, जल निकासी के बेहतर प्रबंध किए जाएं, अधिशासी अधिकारी सफाई कर्मियों, सफाई नायकों के साथ बैठक कर नियमित सफाई के साथ-साथ एंटी-लार्वा का छिड़काव, कूड़ा उठान की व्यवस्था कराएं। उन्होंने कहा कि मोहल्ला स्वास्थ्य समितियां सक्रिय रहकर आमजन को मच्छर जनित बीमारियों से बचाव हेतु जागरूक करें, विद्यालयों में प्रार्थना सभा में छात्रों को वेक्टर जनित बीमारियों से बचाव हेतु जागरूक किया जाए, बच्चों को पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि पशुपालकों विशेषतौर पर सूकर पालकों को बाड़ों की सफाई रखने, बाड़ों में नियमित रूप से दवा का छिड़काव करने, बाड़ों में जाली लगाने, सूकरांे को बाड़ों में बंद रखने के लिए जागरूक किया जाए, चूहा-छछूंदर की रोकथाम हेतु प्रभावी प्रयास किए जाएं।
श्री सिंह ने कहा कि संबंधित अधिकारी आपस में समन्वय स्थापित कर लोगों को वेक्टर जनित बीमारियों से सुरक्षित रखने की दिशा में कार्य करें, ग्रामीण क्षेत्र में खंड विकास अधिकारी, शहरी क्षेत्र में अधिशासी अधिकारी नगर निकाय संचारी रोग अभियान के दौरान उपलब्ध कराए गए माइक्रो-प्लान के अनुसार नियमित रूप से साफ-सफाई, झाड़ियों का कटान, जल-निकासी के उचित प्रबंध के साथ नियमित रूप से एंटी-लार्वा का छिड़काव करना सुनिश्चित करें साथ ही साप्ताहिक रूप से जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय विभागीय कार्यों की समीक्षा करें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अभियान के दौरान आशा, संगिनी, ए.एन.एम. के माध्यम से घर-घर भ्रमण के दौरान विशेषतौर पर सैम-मैम बच्चों, गर्भवती महिलाओं, क्षय रोगियों का फीडबैक अवश्य लिया जाए। आशा, आंगनवाड़ी कार्यकत्री दस्तक अभियान के दौरान घर-घर भ्रमण कर लोगों को जल पात्रों में पानी एकत्र न होने देने, जल-पात्रों की नियमित रूप से सफाई करने, पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने, मच्छरदानी का प्रयोग करने के लिए लोगों को जागरूक करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आर.सी. गुप्ता, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी डॉ. अवधेश सिंह, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी दीपिका गुप्ता, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सोमदत्त, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल वर्मा, मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. संजय गुप्ता, एस.एम.ओ. डॉ. बी.पी. सिंह, यूनिसेफ से संजीव पाण्डेय, स्वास्थ्य शिक्षाधिकारी रविंद्र गौर, खंड विकास अधिकारी, प्र. चिकित्साधिकारी आदि उपस्थित रहे, बैठक का संचालन जिला मलेरिया अधिकारी हिलाल अहमद ने किया।



