प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क रिफिल सिलेंडर प्राप्त करते समय निर्धारित मूल्य अदा करना होगा, अदा की गई पूरी धनराशि बैंक खाते के माध्यम से अगले 02-03 दिन में लाभार्थी को बैंक खाते के माध्यम से वापस मिलेगी।
मैनपुरी (सूवि)जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने पूर्ति विभाग की जिला स्तरीय समिति की बैठक में उपस्थित गैस डीलर्स से कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से आच्छादित जनपद के प्रत्येक लाभार्थी को चालू वित्तीय वर्ष में 02 निःशुल्क सिलेंडर उपलब्ध कराए जाने के शासन के निर्देशन का कड़ाई से पालन करें, प्रत्येक गैस डीलर अपने यहां के उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को 02 एल.पी.जी. सिलेंडर रिफिल निःशुल्क वितरित करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जो डीलर उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों तक रिफिल गैस सिलेंडर को सरप्राइज गिफ्ट के रूप में पहुंचाने का कार्य करेंगे, जिला प्रशासन ऐसे डीलर को सम्मानित करने का कार्य करेगा, जो डीलर्स इस योजना के लाभार्थियों को सिलेंडर प्रदान करने में अवरोध उत्पन्न करेंगे, ऐसे डीलर को चिन्हित कर उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने विभिन्न एजेंसियों के उपस्थित डीलर से कहा कि योजना का शुभारंभ दि. 10 नवंबर को होगा, प्रत्येक डीलर अपने यहां भव्य कार्यक्रम आयोजित कराकर जन-प्रतिनिधियों के माध्यम से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को सिलेंडर वितरित करना सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि इस योजना के अंतर्गत दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में प्रथम चरण के अन्तर्गत पहला निःशुल्क सिलेंडर माह नवंबर से लेकर माह दिसंबर तक उपलब्ध कराया जाएगा जबकि दूसरा सिलेंडर होली के पर्व से पूर्व जनवरी से लेकर मार्च के मध्य पात्र लाभार्थियों को मिलेगा।
श्री सिंह ने उपस्थित डीलर्स, खाद्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि सरकार ने त्योहारों के अवसर पर गरीबों का दुख-दर्द कम करने के उद्देश्य से निःशुल्क गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है, खाद्य विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ सभी गैस डीलर्स इस योजना को सफल बनाने की दिशा में कार्य करें, दीपावली के त्यौहार से पूर्व प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों तक निःशुल्क रिफिल गैस सिलेंडर सरप्राइज गिफ्ट के रूप में उपलब्ध कराने में अपना योगदान देकर सरकार के उद्देश्य को पूरा करने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने पूर्ति निरीक्षक को आदेशित करते हुए कहा कि अपनी-अपनी तहसील के अवशेष लाभार्थियों के बैंक खातों को प्राथमिकता पर आधार से लिंक करने में अपना योगदान दें, 10 नवंबर को अपनी-अपनी तहसील के गैस डीलर्स के यहां कार्यक्रम आयोजित कराकर लाभार्थियों को लाभान्वित कराया जाए। उन्होने कहा कि योजना का लाभ पाने के लिए लाभार्थियों का बैंक खाता आधार से लिंक होना अनिवार्य है, ऐसे लाभार्थी जिनके बैंक खाते अभी आधार से लिंक नहीं है, वह तत्काल ई-के.वाई.सी. कराना सुनिश्चित करें। उन्होने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क रिफिल सिलेंडर प्राप्त करते समय निर्धारित मूल्य अदा करना होगा, अदा की गई पूरी धनराशि बैंक खाते के माध्यम से अगले 02-03 दिन में लाभार्थी को बैंक खाते के माध्यम से वापस मिलेगी।
जानकारी करने पर जिला पूर्ति अधिकारी क्यामुद्दीन अंसारी ने बताया कि जनपद में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के 01 लाख 57 हजार 160 लाभार्थी है, जिनमें से 01 लाख 24 हजार 761 लाभार्थियों के बैंक खाते आधार से लिंक है जबकि 32 हजार 399 लाभार्थियों के बैंक खाता का ई-केवाईसी होना शेष है जिस पर उन्होंने बैठक में उपस्थित जिला अग्रणी प्रबंधक को आदेशित करते हुए कहा कि अवशेष लाभार्थियों के बैंक खातों को प्राथमिकता पर आधार से लिंक कराना सुनिश्चित करें साथ ही उन्होंने उपस्थित गैस डीलर से कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के जिन लाभार्थियों का ई-केवाईसी होना है, उनके बैंक खातों से आधार लिंक करने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ मिल सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, उप जिलाधिकारी सदर, किशनी, कुरावली, घिरोर, अभिषेक कुमार, योगेन्द्र कुमार, आर.एन. वर्मा, राज कुमार, डिप्टी कलेक्टर सै. सानिया सोनम एजाज, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, अग्रणी जिला प्रबंधक अनिल प्रकाश तिवारी, पूर्ति निरीक्षक, गैस डीलर्स आदि उपस्थित रहे।