शांति समिति की बैठक 4
मैनपुरी 14 अक्टूबर, 2023- जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने जिला स्तरीय पीस कमेटी की बैठक में उपस्थित गणमान्य नागरिकों, विभिन्न संप्रदाय के धर्मगुरु, रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों, आयोजकों से कहा कि शारदीय नवरात्रि, रामनवमी, दशहरा, आदि धार्मिक पर्वो को समारोह पूर्वक, उत्साह, उमंग के साथ मनाया जाये। उन्होंने उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों से कहा कि कार्यक्रमों के दौरान शरारती तत्वों, खुराफात करने वालों पर पैनी नजर रखी जाये, कार्यक्रमों के आयोजकों से निरंतर संवाद कायम रखा जाये, किसी भी प्रकार समस्या, कठिनाई होने पर तुरंत समस्या का निदान कराया जाये, सुनिश्चित किया जाये कि सभी आयोजकों के मोबाइल नम्बर सभी के पास उपलब्ध रहें। उन्होंने आयोजकों से कहा कि वह अपने-अपने कार्यक्रमों के आयोजन के दौरान वालेन्टीयर्स की तैनाती करें साथ ही पहचान हेतु विशेष चिन्ह, पहचान पत्र जारी करंें, तैनात वालेन्टीयर्स की सूची सम्बन्धित क्षेत्राधिकारी को उपलब्ध करायें। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजित होने वाले कार्यक्रम स्थलों पर अग्नि, विद्युत सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रहे, त्यौहारों के दृष्टिगत कंन्ट्रोल रूम की स्थापना करायी जाये।
श्री सिंह ने अधिशाषी अधिकारियों, जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि शहरी क्षेत्रों के देवी मंदिरों, आयोजित होने वाले रामलीला मंचन, शोभा यात्रा, आदि कार्यक्रमों में अधिशाषी अधिकारी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत राज अधिकारी आगामी त्योहारों पर साफ-सफाई के विशेष प्रबंध करायें, आयोजन स्थल के साथ-साथ मुख्य मार्गों, गलियों मे विशेष सफाई अभियान चलाकर सफाई कराई जाए। उन्होंने कहा कि देवी मंन्दिरों में निकलने वाले वेस्ट हेतु कूडेदान की व्यवस्था रहें, देवी मंन्दिरों में मार्ग प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रहे, मुख्य मार्गों पर सभी स्ट्रीट लाइट चालू दशा में रहें। उन्होने कहा कि मूर्ति विसर्जन वाले स्थानों का उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण करें, विसर्जन के दौरान कोई अप्रिय घटना घटित न हो, सुरक्षा सम्बन्धी सभी व्यवस्थायें रहें, विर्सजन स्थलों पर पुलिस, क्षेत्र के कर्मचारियों की तैनाती की जाये, सभी स्थलों पर चेतावनी के बोर्ड लगवायें जायें साथ ही बैरीकेडिंग की व्यवस्था रहें। उन्होंने अधिशाषी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया कि शोभायात्रा, जुलूस वाले मार्गों पर जर्जर, झूलते हुए तारों को तत्काल सही कराया जाय, किसी भी दशा में झूलते हुए, जर्जर तार न हों, कार्यक्रमों के दौरान विद्युत विभाग की टीम मौजूद रहें, निर्वाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन हर संसाधन, सुविधा मुहैया कराएगा, हर आयोजन स्थल, शोभा यात्रा मार्गों पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल तैनात रहेगा, सुरक्षा के मुकम्मल इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने आयोजकों का आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी कार्यक्रम के दौरान कोई नयी परम्परा न डाली जाये, आवागमन बाधित न हो, जन-सामान्य को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, शोभायात्रा में शामिल झांकियों की ऊंचाई का ध्यान रखें, झांकियों की ऊंचाई अधिक होने के कारण विद्युत पोल, तार में छूने से दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, उपायुक्त एन.आर.एल.एम. शौकत अली, राजस्व अधिकारी राम नारायण, डिप्टी कलेक्टर संध्या, सै. सानिया सोनम एजाज, उप जिलाधिकारी भोगांव, करहल, किशनी, घिरोर, कुरावली, अंजलि सिंह, गोपाल शर्मा, योगेन्द्र कुमार, राज कुमार, ध्रुव शुक्ला, समस्त क्षेत्राधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय, अधिशासी अभियंता विद्युत विभिन्न संप्रदाय के धर्मगुरु, गणमान्य व्यक्ति आदि उपस्थित रहे।