मैनपुरी 14 अक्टूबर, 2023- शारदीय नवरात्रि के पर्व पर महिला सशक्तिकरण विशेष अभियान फेज-04 के तहत जन-जागरूकता हेतु पुलिस लाइन से वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं, भारत की पुरानी मान्यताओं में नारी को हमेशा देवी के रूप में माना गया है, हमारी परंपरा है कि अधिकांश पर्वों पर हमारे यहां देवी की पूजा होती है, मिशन शक्ति का उद्देश्य नारी सशक्तिकरण, नारी स्वावलंबन, महिलाओं में जागरूकता लाना, शासन की विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि मौजूदा केंद्र-प्रदेश सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें बराबरी का दर्जा देने के लिए कृत-संकल्पित है, राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए भारत सरकार द्वारा संविधान में संशोधन कर 33 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि आज महिला रक्षा, कृषि, इंजीनियरिंग, हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही है, प्रशासनिक सेवाओं में भी देश की बालिकाओं ने कामयाबी हासिल की है, आज की महिला किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि महिलाएं सशक्त होंगी तभी समाज, देश, प्रदेश सशक्त होगा, महिलाओं को सम्मान मिलेगा। उन्होने कहा कि आज केंद्र-प्रदेश सरकार की संचालित तमाम योजनाओं का मुख्य बिंदु महिलाओं को रखा गया है, गांव-गांव राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिला समूह का गठन कर उन्हें सस्ती ब्याज दर पर बैंक से लोन उपलब्ध कराकर स्वावलंबी बनाने का कार्य किया गया है, महिलाओं की सुरक्षा के लिए भी तमाम योजनाएं संचालित हैं, प्रत्येक थाने में महिला हेल्प-डेस्क की स्थापना की गई, महिला हेल्प-डेस्क पर महिला, पुलिस कर्मियों की ही तैनाती की गई ताकि पीड़ित महिला निःसंकोच अपनी बात कह सके।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि देश में आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रदेश में यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूरा देश, प्रदेश तरक्की के रास्ते पर चल रहा है, किसान, युवा, व्यापारी, उद्योगपति निरंतरता के साथ आगे बढ़ रहे है, इसी का परिणाम है कि आज विश्व पटल पर भारत को नई पहचान मिली, राजनीतिक, सामाजिक, औद्योगिक क्षेत्र में देश, प्रदेश नए कीर्तिमान स्थापित किये है, तेजी से देश आगे बढ़ रहा है, वर्ष 2047 तक भारत ग्लोबल लीडर बने, विश्व की सबसे बड़ी तीसरी अर्थव्यवस्था बनें, यही प्रधानमंत्री का सपना है। उन्होंने कहा कि आज हमारा देश विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है, प्रधानमंत्री के कुशल निर्देशन में देश ने हर क्षेत्र में तरक्की की है।
पूर्व मंत्री, विधायक भोगांव राम नरेश अग्निहोत्री ने कलैक्ट्रेट में जन-जागरूकता रैली समापन कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये कहा कि नारी शक्ति सशक्तीकरण अत्यन्त महत्वपूर्ण कार्य हैं, 30-40 वर्ष पहले नारी के प्रति लोगों की जो धारणा थी वह ठीक नहीं थी, किसी के घर में बेटी पैदा होने पर खुशियां नहीं मनायी जाती थीं, बेटी को उस समय अभिशाप माना जाता था, आज भी कई ऐसे परिवार हैं जो पुरानी पंरपराओं से ग्रसित हैं, लेकिन अब लोगों का नजरिया बदला है, लोगों की धारणा, विचार बदले हैं, हमारी सरकारों, समाज के लोगों ने प्रयास, अभियान शुरू किये है, उन प्रयासों के कारण समाज की सोच में बदलाव आया लेकिन अभी बिराम नहीं लगा है, बिराम लगाने की दिशा में हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होने कहा कि महिलाओं, बालिकाओं के लिए कई जन कल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं, जिसके फलस्वरूप अब परिणाम भी आने लगे हैं। उन्होने कहा कि संसद, विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण का सुनहरा अवसर माता-बहनों को मिलने जा रहा है, यह एक क्रांतिकारी कदम है, यह आसान नहीं था, कहते सब थे पर करता कोई नहीं था, लेकिन प्रधामंनत्री के नेतृत्व में यह कार्य संभव हुआ है, अब 180 से ज्यादा हमारी माता-बहने लोकसभा-राज्यसभा के अंदर बैंठेंगी, इस दिशा में दोनों सरकारें निरतंर कार्य कर रही हैं और भी प्रयास किये जाने अभी बाकी हैं, आज अंतरिक्ष में चन्द्रयान भेजे जा रहे हैं, इसरो में वैज्ञानिक हमारी बहने हैं, जैट हमारी बेटियां उड़ा रही हैं, आर्मी के फ्रंट बोर्डर पर बीएसएफ की हमारी बेटियां मोर्चा संभाले हुये हैं, यह बहुत बड़ी बात हैं, यह महिलाओं, बालिकाओं के लिए बहुत बड़ा परिवर्तन हुआ है।
जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने कहा कि हम उस देश के निवासी है जहां नारियों की पूजा होती है, इसलिए विशेष रूप से पुरूष वर्ग का यह दायित्व है कि माताओं, बहिनों, बेटियों को समाज में उचित स्थान मिले, हर जगह महिलाओं, बालिकाओं को सम्मान देना हमारा कर्तव्य है, हमारी माता-बहिनें, बेटियां मंदिर, बाजार, अस्पताल, स्कूलों या अन्य जगह आती-जाती है, उनकी सुरक्षा की गांरटी हम सबकी जिम्मेदारी है, हर धर्म, मजहब के मानने वालों के अंदर नारी के प्रति सम्मान की भावना हो। उन्होने कहा कि केन्द्र-प्रदेश सरकार की महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता, संचालित योजनाओं के कारण समाज में तेजी से बालिकाओं के प्रति नजरिया बदला है, आज बेटी परिवार पर बोझ नहीं, बेटियों की शिक्षा से लेकर विवाह तक का जिम्मा सरकार ने अपने ऊपर लिया है, बेटियों की सुरक्षा के लिए सराहनीय कदम उठाएं हैं, बेटियां अब परिवार पर बोझ नहीं, आज की बेटियां बोटों से ज्यादा होनहार हैं, देश की बेटियों ने हर क्षेत्र में अपना परचम लहराया है, जल-थल-वायु सेना से लेकर इंजी. के क्षेत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की है, देश के सर्वोच्च पदों को सुशोभित कर देश का मान बढ़ाया है। उन्होने कहा कि प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री कन्या समुंगला योजना लागू कर परिवार से बेटियों की शिक्षा के बोझ को कम किया वहीं मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से बाप के कंधों से बेटी की शादी की जिम्मेदारी को काफी हद तक कम करने का कार्य किया।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि महिलाओं के सशक्तीकरण, उनके स्वावलम्बन के सम्बन्ध में कानून व्यवस्था, अन्य विभागों की जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे जानकारी देना है, न केवल जानकारी देना है बल्कि जरूरत पड़ने पर उनके फॉर्म भरवाना, गांव मे जो उनकी समस्याएं हैं उनका सर्वोच्च प्राथमिका पर निराकरण कराना है। उन्होने महिला आरक्षियों से कहा कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार सम्बन्धित विभाग की ए.एन.एम., शिक्षामित्र, ग्राम प्रधान के साथ समन्वय स्थापित कर गांव में संचालित पंचायत भवन, सार्वजनिक स्थान पर बैठक कर महिलाओं-बालिकाओं को जोड़ने का कार्य किया जायेगा, इसका उद्देश्य प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी योजनाएं, हेल्पलाइन नम्बर, उनके सुरक्षा, संरक्षा के लिए जो कार्य किये गये हैं, उनको जागरूक करना है, उनकी हर स्तर पर मद्द करना है, जिससे कि वह जागरूकता के साथ-साथ उनकी मद्द भी हो, कल से व्यापक स्तर पर इस अभियान का संचालन किया जायेगा। उन्होने कहा कि नवरात्रि के दौरान जो कार्यक्रम हैं उसमें एंटी रोमियों विशेष रूप से सक्रिय रहेगा, एंटी रोमियो, थाने में संचालित मिशन शक्ति का कक्ष भी संचालित रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्षा संगीता गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गोविन्द भदौरिया, जिलाध्यक्ष राहुल चतुर्वेदी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, पैक्सफेड के चेयरमैन प्रेम सिंह शाक्य, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बन्धु, अपर जिलाधिकारी राम जी मिश्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आर. गुप्ता, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, उपायुक्त एन.आर.एल.एम. शौकत अली, उप जिलाधिकारी सदर अभिषेक कुमार, राजस्व अधिकारी राम नारायण, डिप्टी कलेक्टर संध्या, सै. सानिया सोनम एजाज, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुप्रिया गुप्ता, क्षेत्राधिकारी लाइन संजय वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी दीपिका गुप्ता, पर्यटन अधिकारी प्रदीप टम्टा, समस्त क्षेत्राधिकारी के अलावा उदय चौहान, धीरू राठौर, विशम्भर तिवारी, आदि उपस्थित रहे।