मैनपुरी। परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत B.Ed योग्यताधारी शिक्षकों के छह माह के ब्रिज कोर्स को विभागीय क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण के रूप में पूर्ण कराने सहित विभिन्न मांगों को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह के नाम से संबोधित पत्र को कुँवर अनुजेश प्रताप सिंह को सौंपा और शासन स्तर से आवश्यक कार्रवाई कराने का अनुरोध किया।
जिला संयोजक अभय चौधरी ने कहा कि B.Ed योग्यताधारी शिक्षक पहले से ही विभागीय दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ कर रहे हैं। छह माह के ब्रिज कोर्स को परीक्षा के बजाय विभागीय क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण के रूप में कराया जाना चाहिए, जिससे शिक्षकों की सेवा संबंधी प्रक्रिया प्रभावित न हो।
जिला सह-संयोजक हरेंद्र बैंस ने कहा कि संगठन शिक्षक हितों से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय को लगातार शासन के समक्ष उठा रहा है। उन्होंने कहा कि ब्रिज कोर्स की प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए जिससे शिक्षकों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
ब्लॉक अध्यक्ष जुगिल किशोर यादव ने कहा कि 69,000 शिक्षक भर्ती में चयनित B.Ed योग्यताधारी शिक्षकों ने शासन की निर्धारित प्रक्रिया के तहत नियुक्ति प्राप्त की है। ऐसे में छह माह के ब्रिज कोर्स को विभागीय क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण के रूप में पूर्ण कराया जाना शिक्षक हित में उचित होगा।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष डीपी यादव ने कहा कि शिक्षक विद्यालयी शिक्षण कार्य के साथ-साथ SIR, BLO, जनगणना सहित विभिन्न विभागीय कार्यों का भी निर्वहन कर रहे हैं। इसलिए प्रशिक्षण की प्रक्रिया को व्यावहारिक और शिक्षक हितैषी बनाया जाना आवश्यक है।
सौरभ दुबे ने कहा भर्ती के समय जारी शासनादेश के समय नियम और शर्तें कुछ और थी भर्ती होने के बाद अब नए नियम क्यों लागू किए गए जो उचित नहीं है।
इस अवसर पर अध्यक्ष किशनी रामखिलाडी यादव,ब्लॉक मंत्री राहुल गुप्ता,उपाध्यक्ष रंजीत यादव, संगठन मंत्री देवेंद्र सिंह,ब्लॉक जागीर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डी पी यादव दीपेंद्र,सौरभ दुबे, नयन यादव,अनुराग मिश्रा, गिरजेश यादव,राजेश कुमार, मोहित पांडेय, मंगेश राजपूत,सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।



