मैनपुरी(सुवि)गांधी जयंती के अवसर पर कलैक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्प अर्पित करते हुए उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों से सत्य, अहिंसा, आत्म-अनुशासन एवं स्वस्थ जीवन-शैली को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचारों को केवल स्मरण करने तक सीमित न रखते हुए उन्हें अपने व्यक्तिगत जीवन एवं कार्य व्यवहार में उतारने का प्रयास करें। उन्होने सत्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सत्य बोलना आवश्यक है लेकिन सत्य को सदैव प्रिय एवं मर्यादित तरीके से बोलने का प्रयास करें, सत्य ऐसा हो जो सामने वाले के हित और गरिमा का ध्यान रखते हुए कहा जाए, सत्य को कटु अथवा अनावश्यक रूप से चोट पहुंचाने वाले ढंग से बोलने के बजाय प्रिय वचन के साथ प्रस्तुत करें, स्पष्टवादिता का अर्थ किसी को ठेस पहुंचाना नहीं बल्कि सत्य को संवेदनशीलता, शालीनता के साथ कहना ही वास्तविक सद्भाव है। उन्होने कहा कि अहिंसा का अर्थ केवल किसी व्यक्ति को शारीरिक रूप से नुकसान पहुंचाना नहीं है बल्कि मन, वचन और कर्म तीनों स्तर पर अहिंसक रहना आवश्यक है, किसी के प्रति मन में गलत भावना रखना, किसी के बारे में बुरा सोचना अथवा वचन से किसी को आहत करना भी अहिंसा की भावना के विपरीत है इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को मनसा, वाचा और कर्मणा अहिंसा के सिद्धांत का पालन करना चाहिए।

श्री त्रिपाठी ने कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर अपने भीतर की किसी एक बुराई अथवा कमी को पहचानकर उसे दूर करने का संकल्प लें यही गांधी जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि यह व्यक्तिगत आत्ममंथन का अवसर है, प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होने कहा कि स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और स्वस्थ विचार एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं, जब शरीर स्वस्थ होगा, मन प्रसन्न एवं संतुलित होगा तथा विचार सकारात्मक होंगे, तभी व्यक्ति अपनी क्षमता का अधिकतम उपयोग करते हुए समाज, प्रशासन के लिए बेहतर योगदान दे सकेगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही को दूर करना भी आत्म-अनुशासन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होने कहा कि सप्ताह में एक दिन शारीरिक उपवास एवं एक दिन डिजिटल उपवास रखने का प्रयास करें, आज के समय में मोबाइल फोन, सोशल मीडिया, रील्स एवं अन्य डिजिटल माध्यमों पर अत्यधिक समय व्यतीत होना, व्यक्ति की एकाग्रता और समय दोनों को प्रभावित करता है, इसलिए एक दिन डिजिटल माध्यमों से दूर रहने का संकल्प लें, आवश्यक फोन कॉल्स के लिए मोबाइल का उपयोग करें लेकिन अनावश्यक रूप से मोबाइल देखने से बचें।
जैक एंड जिल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने गांधी जी के प्रिय भजन पर मोहक प्रस्तुति दी वहीं कुं. आर.सी. इंटर कॉलेज की संगीत संकाय की शिक्षिका पूनम एवं छात्राओं ने गांधी जी के प्रिय भजन ’’रघुपति राघव राजा राम, पतित् पावन सीता राम’’ मधुर धुन में गाया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनन्द, अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजेश चन्द्र, सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. श्वेता सैनी, वरिष्ठ कोषाधिकारी मनोज यादव, संयुक्त निदेशक अभियोजन के.डी शुक्ला, जिला प्रोबेशन अधिकारी राजनाथ राम, प्रशासनिक अधिकारी हरेंद्र कुमार, बाल संरक्षण अधिकारी अल्का मिश्रा, आपदा विशेषज्ञ अंकिता सक्सैना, ई-डिस्ट्रिक मैनेजर सौरभ पाण्डेय, सत्य प्रकाश द्विवेदी, वेद प्रकाश श्रीवास्तव, रोहित दुबे, वीरेश पाठक, राजेन्द्र सिंह, सत्येंद्र सिंह, अनुज कुमार, श्रीकृष्ण, राहुल, पुष्पेन्द्र कुमार, सौम्य वर्धन, अजय यादव के अलावा अन्य अनुभाग प्रभारी आदि उपस्थित रहे।



