महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर कुं. आर. सी. महिला डिग्री कॉलेज, मैनपुरी में संस्थागत नवाचार परिषद (IIC) एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के सचिव श्री बलबीर सिंह चौहान द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ।

ध्वजारोहण के पश्चात आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री बलबीर सिंह चौहान ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए छात्राओं को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रासंगिक हैं तथा युवा पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश के विकास में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शेफाली यादव ने अपने वक्तव्य में महात्मा गांधी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा को केवल विचार के रूप में नहीं, बल्कि जीवन-पद्धति के रूप में अपनाया। उन्होंने छात्राओं से गांधी जी के आदर्शों को व्यवहार में उतारने तथा सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में गांधी जी के साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को भी स्मरण करते हुए छात्राओं से उनके सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा के आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

इस अवसर पर महाविद्यालय की एम.ए. द्वितीय वर्ष की छात्रा तुषा शर्मा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। तुषा शर्मा ने केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली द्वारा Little Guru के सहयोग से आयोजित Indian Knowledge System (IKS) Olympiad 2025 में प्रथम स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। उनकी इस उपलब्धि पर सचिव श्री बलबीर सिंह चौहान द्वारा उन्हें ₹11,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर छात्रा की उपलब्धि की सराहना करते हुए उसे अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

कार्यक्रम में संगीत विभाग की छात्राओं ने रामधुन की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। इसके अतिरिक्त छात्राओं ने महात्मा गांधी के जीवन एवं विचारों पर आधारित भाषण तथा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम के माध्यम से सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, राष्ट्रप्रेम एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। पूरे कार्यक्रम का वातावरण गांधीवादी मूल्यों, देशभक्ति, सादगी एवं सांस्कृतिक चेतना से ओत-प्रोत रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here