मैनपुरी(सुवि)राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने जनपद-वासियों से स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान करते हुए कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है, दुर्घटना, गंभीर बीमारी, प्रसव अथवा अन्य आकस्मिक परिस्थितियों में समय पर उपलब्ध रक्त किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, ऐसे में स्वस्थ एवं सक्षम लोगों को स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव जीवन की रक्षा में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व ही नहीं बल्कि मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है, हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में नई उम्मीद पैदा कर सकता है। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान जरूरत के समय किसी दूसरे व्यक्ति के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है, इसलिए समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करनी चाहिए।

IMG 20261001 WA0016

श्री त्रिपाठी ने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं इसकी उपलब्धता स्वैच्छिक रक्तदाताओं पर ही निर्भर करती है इसलिए रक्तदान के प्रति लोगों की जागरूकता और सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वह रक्तदान के महत्व को समझें और स्वस्थ होने पर स्वेच्छा से रक्तदान करने के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि रक्तदान को लेकर समाज में कई तरह की भ्रांतियां देखने को मिलती हैं, लोगों को यह समझने की आवश्यकता है कि चिकित्सकीय मानकों के अनुरूप स्वस्थ व्यक्ति द्वारा रक्तदान करने से जरूरतमंद मरीज को जीवनदान देने में सहायता मिलती है, रक्तदान से पहले स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जांच की जाती है तथा पूरी प्रक्रिया निर्धारित चिकित्सकीय मानकों के अनुसार संपन्न कराई जाती है। उन्होंने कहा कि रक्तदान के प्रति जागरूकता केवल किसी एक दिवस तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, वर्षभर लोगों को इसके महत्व के बारे में जानकारी दी जाये ताकि आवश्यकता के समय जिला अस्पताल के रक्त केंद्र में पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराया जा सके और किसी जरूरतमंद मरीज को रक्त के लिए परेशान न होना पड़े।

राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर महाराजा तेज सिंह जिला चिकित्सालय स्थित रक्त केंद्र में जागरूकता कार्यक्रम, स्वैच्छिक रक्तदान से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की गईं, कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को नियमित एवं स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करना है। आज अनुकरणीय उदाहरण पेश करते हुए अधीक्षण अभियंता विद्युत मुकेश कुमार एवं अधिशाषी अभियंता विद्युत अनिल कुमार वर्मा ने स्वैच्छिक रक्तदान कर न केवल अपनी शासकीय जिम्मेदारियों को निभाया है बल्कि सामाजिक सरोकार के प्रति भी अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है, इसके अतिरिक्त राज कुमार सिंह, अभिनव जैन, सौरभ गुप्ता, सुनील, मुकेश कुमार चौरसिया, योगेन्द्र कुमार, राजीव कुमार, अमित कुमार, हिमांशू, राहुल भारती, अंशित ने भी रक्तदान किया।

जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी ने 44 वार रक्तदान करने वाले संवेदना सोसाइटी के नीरज बैजल, 11 वार रक्तदान करने वाले भारतीय युवा मोर्चा के अनिल राजपूत, चन्दन लोधी सहित अमर उजाला फाउण्डेशन के प्रदीप यादव, उ.प्र. डिप्लोमा महासंघ के मुकेश कुमार, संत निरंकारी मिशन के मनीराम, सुमित मिश्रा, हिमांशू, गौरव सावरिया, भावना बैजल, डॉ. राज कुमार, अभिनव जैन, सौरभ, डॉ. अमित कुमार, राजीव कुमार आदि को प्रतीक चिन्ह, प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, प्रभारी मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. धर्मेन्द्र कुमार, डॉ. विकास यादव, अनिल कुमार, सौरभ कुमार, रविन्द्र गौर, निधि गुप्ता आदि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here