मैनपुरी: विद्या की देवी सरस्वती के प्रांगण में जब बुद्धि और रिद्धि-सिद्धि के दाता भगवान श्री गणेश का आगमन हुआ, तो पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। अवसर था रिद्धिमा वर्ल्ड स्कूल में आयोजित भव्य गणेश चतुर्थी उत्सव का। विद्यालय प्रांगण में ढोल-नगाड़ों की गूंज, मंजीरों की झंकार और “गणपति बप्पा मोरया, मंगल मूर्ति मोरया” के गगनभेदी जयकारों के साथ भगवान श्री गणेश की प्रतिमा की स्थापना अत्यंत श्रद्धा, हर्षोल्लास और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुई।
गणेशोत्सव के इस पावन पर्व पर पूरे स्कूल परिसर को फूलों, गुब्बारों और रंग-बिरंगी झालरों से दुल्हन की तरह सजाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक आचार्य द्वारा कराए गए शास्त्रोक्त पूजन और मंत्रोच्चार के साथ हुआ, जिसमें विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने पूर्ण निष्ठा के साथ आहुति दी।
इस शुभ अवसर पर मैनेजिंग डायरेक्टर संजय चौहान ने सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों व अभिभावकों को गणेश चतुर्थी की बधाई देते हुए कहा, कि भगवान श्री गणेश बुद्धि, ज्ञान और विवेक के प्रतीक हैं। हमें बप्पा के जीवन से अनुशासन और हर बाधा को पार करने की प्रेरणा लेनी चाहिए।
वहीं विद्यालय की प्रिंसिपल डॉ. रूचि चौहान ने कहा, कि ऐसे सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों से बच्चों में अपनी संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों के प्रति जुड़ाव पैदा होता है। विघ्नहर्ता सभी बच्चों के जीवन से अज्ञानता के अंधेरे को दूर कर उन्हें सफलता का मार्ग दिखाएं। जबकि प्रबंधक सिद्धार्थ चौहान और सचिव रिद्धिमा चौहान ने अपने उद्धबोधन में कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों का संवर्धन भी अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम को सफल और भव्य बनाने में पूरी टीम का सराहनीय योगदान रहा। इस विशेष अवसर पर सिद्धार्थ इंटरनेशनल स्कूल की प्रिंसिपल सन्ध्या यादव, आर्य चौहान, अक्षय चौहान, मुस्कान यादव की देखरेख में बेहद खूबसूरत और आकर्षक ढंग से पांडाल सजाया गया, जिसकी सभी ने सराहना की।
पूजा-अर्चना के बाद बच्चों द्वारा मनमोहक गणेश वंदना और भक्ति नृत्य प्रस्तुत किए गए। आरती के पश्चात उपस्थित सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान परिसर में अभूतपूर्व उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।



