मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने दि. 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा-संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को जन-भागीदारी के साथ प्रभावी एवं परिणामपरक बनाया जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष तथा प्रदेश सरकार के 10 वर्ष की उपलब्धियों, जन-कल्याणकारी योजनाओं से हुए सकारात्मक बदलावों को विधानसभा, विकास खंड, ग्राम पंचायत एवं वार्ड स्तर तक पहुंचाया जाए, सभी विभाग अपनी-अपनी योजनाओं, विकास कार्यों का डेटा समय से संकलित कर उपलब्ध कराएं। उन्होने कहा कि सामाजिक क्षेत्र, आधार-भूत ढांचा, स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास, पंचायती राज सहित सभी विभाग अपनी लाभार्थीपरक योजनाओं की विधानसभा, विकास खंड, ग्राम पंचायत, वार्ड स्तर तक सूची तैयार करें, कोविड टीकाकरण सहित सभी प्रमुख योजनाओं के लाभार्थियों का विवरण भी शामिल किया जाए, ग्राम पंचायत, जिला पंचायत, नगर पालिका, नगर पंचायतों में कराए गए विकास कार्यों तथा प्रमुख परियोजनाओं का विवरण और उन पर हुए व्यय का डेटा भी संकलित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि विकास कार्यों से आए परिवर्तन को प्रदर्शित करने के लिए बिफोर-आफ्टर फोटो, वीडियो, ड्रोन फुटेज, रील्स का स्थायी डिजिटल डेटा तैयार किया जाए, प्रत्येक विभाग कम से कम 10 ऐसे महत्वपूर्ण कार्य चिन्हित करे, जिनमें पहले और वर्तमान स्थिति में स्पष्ट बदलाव दिखाई देता हो, प्रत्येक विधानसभा में उत्कृष्ट कार्यों को चयनित कर उच्च गुणवत्ता की तस्वीरें, वीडियो तैयार कराये जाएं, फोटो उच्च रिजोल्यूशन की हो।

IMG 20260908 WA0003

श्री त्रिपाठी ने पी.एम. श्री, माध्यमिक, उच्च माध्यमिक विद्यालयों में ऑपरेशन कायाकल्प, सी.एम. कंपोजिट विद्यालय, लर्निंग सेंटर, लर्निंग लैब सहित शिक्षा क्षेत्र में हुए कार्यों, आंगनबाड़ी केंद्रों, अन्नपूर्णा भवनों, जल-जीवन मिशन, सड़कों, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, ट्रॉमा सेंटर, पर्यटन स्थलों, खेल सुविधाओं तथा अन्य आधार-भूत परियोजनाओं की डिजिटल डायरी तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक विधान सभा से कम से कम एक तथा प्रत्येक विकास खंड से 02 उत्कृष्ट सफलता की कहानियां भी तैयार कराई जाएं। उन्होने कहा कि प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेस-वे सहित प्रमुख अवस्थापना परियोजनाओं का वॉक, टीजर तैयार कराया जाए, पर्यटन विभाग प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास कार्यों की वीडियो तैयार कराए, स्वास्थ्य एवं खेल विभाग मेडिकल कॉलेज, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, खेल सुविधाओं तथा अन्य महत्वपूर्ण उपलब्धियों को प्रमुखता से प्रदर्शित करे, परियोजना अलंकार के तहत विद्यालयों में हुए कार्य, राजकीय आई.टी.आई., पॉलीटेक्निक, सैनिक विद्यालय सहित कौशल एवं शिक्षा क्षेत्र की उपलब्धियों को भी अभियान में शामिल किया जाए। उन्होने पंचायती राज विभाग को ग्राम सचिवालय, पंचायत भवन, डिजिटल लाइब्रेरी, उत्सव भवन, ओपन जिम और अमृत सरोवरों के विकास कार्यों को प्रमुखता से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, प्रत्येक विकास खंड में उत्कृष्ट अमृत सरोवरों को चिन्हित कर उनकी उच्च गुणवत्ता की फोटो, वीडियो तैयार कराई जाएगी, एक जनपद-एक उत्पाद के अंतर्गत उद्यमियों की सफलता की कहानियों का भी संकलन किया जाए।

उन्होने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्म-दिवस के अवसर पर दि. 17 सितंबर को ’’आशीर्वाद का दिया’’ कार्यक्रम आयोजित होगा, केंद्र-प्रदेश सरकार की विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं से लाभान्वित परिवार सायं 07 बजे अपने घर पर दीप प्रज्ज्वलित करेंगे, प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं, नदी-घाटों, प्रमुख मंदिरों, पार्कों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं चिकित्सालयों में भी सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन कराया जाएगा, अमृत सरोवरों पर ग्राम प्रधान, पंचायत प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, मनरेगा श्रमिक और ग्रामीण सामूहिक रूप से दीप जलाएंगे, सरकारी प्राथमिक विद्यालय में बच्चों की सहभागिता से कम से कम 21 दीप जलाए जाएंगे, दीप प्रज्ज्वलन की फोटो आशीर्वाद का दिया हैशटैग के साथ सोशल मीडिया पर अपलोड की जाएगी, दि. 17 सितंबर को दिव्यांगजनों का सम्मेलन आयोजित कर चिन्हित लाभार्थियों को सहायक उपकरण वितरित किये जायेंगे, सेवा संकल्प अभियान के दौरान विद्यालयों में वाद-विवाद, निबंध, भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, कक्षा-05 से 08 तक के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला तथा कक्षा-09 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता होगी, विकास खंड स्तर पर उत्कृष्ट चित्रों की प्रदर्शनी के बाद जिला, राज्य स्तर पर प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी, बच्चों की कल्पनाओं के माध्यम से 25 वर्षों की जनसेवा, विकसित भारत के संकल्प को प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होने बताया कि दि. 25 सितंबर से 07 अक्टूबर तक ’’आंगन का उत्सव’’ आयोजित होगा, प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर 03 दिवसीय संवाद एवं पोषण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, 06 माह से 02 वर्ष तक के बच्चों को प्रोत्साहित एवं पुरस्कृत किया जाएगा, इस दौरान अन्न प्रासन्न और गोद-भराई कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, प्रत्येक धात्री महिला को पोषण वाटिका विकसित करने के लिए प्रेरित किया जायेगा, गर्भवती, धात्री महिलाओं तथा बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने वाली आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, ए.एन.एम. को सम्मानित किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि 07 अक्टूबर को मुख्य चौराहे पर ’’अखंड सेवा ज्योति’’ की स्थापना की जाएगी, बाइक, साइकिल रैली तथा शहरी-ग्रामीण क्षेत्रों में श्रमदान अभियान आयोजित होगा, विकास खंड स्तर पर 07 दिवसीय बहुउद्देशीय शिविर, स्वास्थ्य मेलों का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होने सभी खंड विकास अधिकारियों एवं अधिशासी अधिकारियों को ग्राम पंचायत, वार्ड स्तर पर बैठक कर तैयारियां समय से पूरी कराने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए. शोभनाथ चौरसिया, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, उपायुक्त एन.आर.एल.एम. शौकत अली सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here