मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने रू. 169.42 लाख की लागत से निर्माणाधीन दक्षिणी बाईपास के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर निर्माणाधीन मार्ग की स्थिति, मिट्टी भराई, सड़क की चौड़ाई, भूमि अधिग्रहण, रेलवे क्रॉसिंग, पुल निर्माण, पेड़ों की स्थिति तथा अन्य तकनीकी कार्यों के संबंध में लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं से जानकारी प्राप्त की। उन्होने निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने तथा जहां भी कार्य में बाधाएं आ रही हैं, उनका संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए। उन्होने जानकारी करने पर अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण ने बताया कि बाईपास के करीब 09 कि.मी. हिस्से में मिट्टी भराई का कार्य लगभग पूंर्ण किया जा चुका है, लगभग 06 कि.मी. में मिट्टी का कार्य अभी शेष है, बरसात के कारण निर्माण कार्य में कुछ व्यावहारिक कठिनाइयां आ रही हैं, मौसम अनुकूल होते ही कार्य की गति बढ़ाई जायेगी ताकि परियोजना निर्धारित समय में पूरी हो सके। उन्होने लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं से कहा कि सड़क निर्माण में निर्धारित चौड़ाई, तकनीकी मानकों और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाये, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता तथा प्रत्येक स्तर पर कार्य की निगरानी सुनिश्चित की जाये।
श्री त्रिपाठी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्यावरणीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए अनावश्यक रूप से पेड़ों को नुकसान न पहुंचे, जहां पेड़ों का स्थानांतरण संभव हो, वहां नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जाए और परियोजना के साथ हरित क्षेत्र विकसित करने की योजना पर भी काम किया जाए, बाईपास के दोनों ओर पौधा रोपण कराया जाये ताकि पूरा मार्ग हरित, आकर्षक दिखाई दे, इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ बाईपास की सुंदरता भी बढ़ेगी। उन्होने कहा कि किसी भी स्तर पर समस्या आने पर उसे लंबित रखने के बजाय संबंधित विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर समाधान कराया जाए, भूमि, अनुमति, रेलवे क्रॉसिंग, पेड़ों तथा अन्य तकनीकी विषयों से संबंधित कार्यों में विभागीय समन्वय बनाए रखते हुए परियोजना की गति को प्रभावित न हो। उन्होने कहा कि दक्षिणी बाईपास जिले के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है, इसके पूरा होने से आवागमन को बेहतर बनाने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में भी मदद मिलेगी, बाईपास के निर्माण से प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम होगा तथा आस-पास के क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी प्राप्त होगी। उन्होंने निर्माण एजेंसी, संबंधित अभियंताओं को निर्देशित किया कि मौके पर नियमित निगरानी रखें, कार्य की प्रगति की निरंतर समीक्षा करें और शेष कार्यों को निर्धारित कार्य-योजना के अनुसार तेजी से पूरा कराएं।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण ए.के. अरूण, अधिशाषी अभियंता आर.ई.डी. नुज़हत परवीन, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अरूण कुमार शुक्ला, सहायक अभियंता मो. ज़की खॉ, अवर अभियंता मुकेश अभियंता आदि उपस्थित रहे।



