मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने भोगांव स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय का औचक निरीक्षण कर छात्रों के लिए उपलब्ध शैक्षणिक, आवासीय, भोजन, स्वास्थ्य एवं अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने तथा छात्रों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए, निरीक्षण के दौरान उन्होने उप जिलाधिकारी भोगांव से कहा कि विद्यालय का पाक्षिक रूप से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करें, विद्यालय में शिकायत बॉक्स स्थापित कराया जाए तथा उसकी चाबी उप जिलाधिकारी एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी के पास उपलब्ध रहे ताकि छात्रों की शिकायतों एवं समस्याओं का निष्पक्ष रूप से संज्ञान लेकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होने छात्रों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं, सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि छात्र अपनी किसी भी समस्या को बताने में संकोच न करें, बिना किसी दबाव के अपनी बात खुलकर रखें ताकि उनकी समस्याओं का समय से समाधान किया जा सके। संवाद के दौरान कुछ छात्रों ने विद्यालय में साफ-सफाई तथा रोटियों की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की, जिस पर उन्होने मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं रसोईया को भोजन की गुणवत्ता में सुधार करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित मेन्यू के अनुसार छात्रों को समय से भोजन उपलब्ध कराया जाए, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो, सुनिश्चित किया जाये।

श्री त्रिपाठी ने रसोईघर के निरीक्षण के दौरान पर्याप्त साफ-सफाई न पाए जाने पर असंतोष व्यक्त करते हुए रसोईघर को नए भवन में शिफ्ट करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि भोजन तैयार करने वाले स्थान पर स्वच्छता के उच्च मानक सुनिश्चित किए जाएं तथा रसोईघर और भोजन से संबंधित व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए साथ ही हॉस्टल के कमरों एवं पूरे परिसर में भी साफ-सफाई के उचित प्रबंध किये जायें। उन्होने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि विद्यालय में तत्काल आर.ओ. वाटर सिस्टम स्थापित कराया जाए ताकि छात्रों को स्वच्छ, सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके। निरीक्षण के दौरान छात्रों के लिए उपलब्ध कुछ बेड की गुणवत्ता खराब पाई गई, इस पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने बताया कि 50 नए बेड की आपूर्ति का ऑर्डर जारी किया जा चुका है, नए बेड प्राप्त होते ही खराब, पुराने बेड को बदलवाकर छात्रों के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी।
जिलाधिकारी ने विद्यालय में शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। उन्होंने प्रधानाध्यापक को निर्देशित किया कि विद्यालय की पुस्तकालय व्यवस्था का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए ताकि छात्रों को पाठ्यक्रम की पुस्तकों के साथ-साथ ज्ञानवर्धक साहित्य पढ़ने का अवसर मिले। उन्होंने मनोरंजन कक्ष में टी.वी. की व्यवस्था रखने तथा अवकाश के दिनों में छात्रों को देशभक्ति पर आधारित प्रेरणादायी फिल्में दिखाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेल एवं मनोरंजन की सुविधाएं भी आवश्यक है इसके लिए विद्यालय में बैडमिंटन, शतरंज, कैरम आदि खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाए ताकि छात्र अपनी रुचि के अनुसार खेल गतिविधियों में भाग ले सकें।
उन्होने छात्रों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीम को साप्ताहिक रूप से विद्यालय आकर छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण करे, जिन छात्रों को स्वास्थ्य सेवा की आवश्यकता हो, उन्हें तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए, स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या की अनदेखी न हो और आवश्यकतानुसार संबंधित स्वास्थ्य केंद्र, चिकित्सालय से समन्वय कर उपचार सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, उप जिलाधिकारी भोगांव मिथिलेश कुमार त्रिपाठी, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, प्रधानाध्यापक जितेन्द्र सिंह आदि उपस्थित रहे।



