मैनपुरी। कुं. आर. सी. महिला महाविद्यालय, मैनपुरी में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के अंतर्गत राष्ट्रीय भावना एवं देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की एनएसएस संयुक्त इकाई एवं संगीत विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम में संगीत विभाग की छात्रा आशा किरण द्वारा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की भावपूर्ण एवं मधुर प्रस्तुति दी गई। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित छात्राओं एवं शिक्षिकाओं में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना का संचार किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शेफाली यादव ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के हृदय में देशभक्ति की भावना को जागृत करना तथा भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं जागरूकता बढ़ाना है। ‘हर घर तिरंगा 2026’ वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने की गौरवपूर्ण भावना को समर्पित है। यह अभियान तिरंगे पर गर्व, देशभक्ति तथा हमारे राष्ट्रीय गीत में निहित मातृभूमि के प्रति प्रेम की भावना का प्रतीक है।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विभा जैन ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व और ऐसे अभियान विद्यार्थियों को देश की एकता, अखंडता एवं गौरव से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से छात्राओं को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राएं अनन्या, अर्पिता, सृष्टि, प्रतीक्षा, नैंसी, प्रिया, रिचा सहित अन्य छात्राएं उपस्थित रहीं। इस अवसर पर महाविद्यालय की शिक्षिकाएं डॉ. विभा जैन एवं डॉ. अंकिता सिंह भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में राष्ट्रीय गौरव, देशप्रेम और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करना रहा।



