उच्च शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में कुंवर आर.सी. महिला महाविद्यालय, मैनपुरी की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की संयुक्त इकाई द्वारा “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं समाज में नशामुक्ति के प्रति जनजागरण करना तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शेफाली यादव ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा कि “युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है। यदि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, संस्कार एवं सकारात्मक सोच को अपनाएँ, तो विकसित भारत का लक्ष्य शीघ्र ही प्राप्त किया जा सकता है। प्रत्येक छात्रा का यह दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे तथा समाज को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करे।”

इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती जया सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज—तीनों के लिए घातक है। युवाओं को अपने जीवन में अनुशासन, स्वस्थ जीवनशैली, खेल, योग एवं नैतिक मूल्यों को अपनाकर नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा उन्हें स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।इस अवसर पर एनसीसी कैप्टन सविता ने अपने वक्तव्य में कहा कि “नशे से दूर रहना केवल व्यक्तिगत निर्णय नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। युवा यदि सही दिशा में आगे बढ़ें, तो विकसित भारत का सपना निश्चित रूप से साकार होगा।” संगीत विभाग की एम.ए. की छात्रा प्रिया यादव ने नशा मुक्ति विषय पर प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत करके जागरूकता का सन्देश दिया.

इस अवसर पर महाविद्यालय की समस्त शिक्षिकाएँ, राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेवी छात्राएँ तथा अन्य छात्राएँ उत्साहपूर्वक उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित एवं समाजहित में नशामुक्त भारत के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here