मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा ने संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर नगला बलू भाग एलाऊ नि. मृतक जोरसिंह के पुत्र दलवीर सिंह एवं गदाईपुर नि. मृतक पंकज की पत्नी संगीता को संवेदना पत्र, फौती दर्ज होने के पश्चात खतौनी की नकल एवं फलदार पौधा भेंटकर शोक संतृप्त परिवार को ढांढस बंधाया, जोरसिंह की मृत्यु दि. 02 जून 2026 को एवं पंकज की मृत्यु दि. 10 मई 2026 को हुयी थी। उन्होंने परिजनों को खतौनी की नकल उपलब्ध कराते हुए कहा कि दुःख की इस घड़ी में जिला प्रशासन आपके साथ है, विरासत समय से दर्ज कराना शासन की शीर्ष प्राथमिकताओं में है, जिसके क्रम में स्वर्गवासी के समस्त उत्तराधिकारियों की विरासत खतौनी के सबद्ध खातों में दर्ज कर दी गई है, जिसकी प्रति आज परिवार को उपलब्ध करायी गई। उन्होने परिजनों से कहा कि जिला प्रशासन की ओर से अन्य किसी योजना के तहत अथवा किसी अन्य सहायता की आवश्यकता हो तो अवगत करा सकते हैं। उन्होने परिजनों से दिवंगत् की स्मृति को चिर-स्थाई बनाए रखने हेतु एक फलदार पौधा उपलब्ध कराते हुए कहा कि परिजन पौधे को यथा स्थान पर लगाकर दिवंगत की स्मृति संजोने के साथ ही पर्यावरण का संरक्षण करें।

उन्होंने समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा है कि अपने-अपने क्षेत्र में सुनिश्चित करें कि अविवादित फौती तेरहवीं से पूर्व प्रत्येक दशा में दर्ज हो, स्वयं, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक या लेखपाल के माध्यम से वारिसान को संवेदना पत्र, खतौनी की नकल एवं एक फलदार पौधा उपलब्ध कराया जाए, इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, उप जिलाधिकारी मिथिलेश कुमार त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार आदि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here