मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने आज विकास खंड किशनी के ग्राम पंचायत समान एवं चितायन का भ्रमण कर ग्राम पंचायत सचिवालय में संचालित फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान का स्थलीय निरीक्षण किया, निरीक्षण के दौरान ग्राम समान में फॉर्मर रजिस्ट्री की प्रगति अत्यंत असंतोषजनक पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए लेखपाल संदीप यादव को प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के निर्देश उप जिलाधिकारी किशनी को दिए। उन्होंने कहा कि यदि आगामी 15 दिनों के भीतर कार्य में उल्लेखनीय सुधार दिखाई दे तो प्रतिकूल प्रविष्टि वापस लेने पर विचार किया जाएगा, निरीक्षण के दौरान उन्होने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले इस महत्वपूर्ण अभियान में अपेक्षित प्रगति न होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि बार-बार निर्देशों, नियमित समीक्षा के बावजूद जनपद में फॉर्मर रजिस्ट्री का कार्य अपेक्षित गति से नहीं चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतीत होता है कि उप जिलाधिकारी एवं कृषि विभाग के अधिकारी इस अभियान की प्रभावी निगरानी नहीं कर रहे हैं तथा कार्य अधीनस्थ कर्मचारियों के भरोसे छोड़ दिया गया है, जिस कारण प्रगति प्रभावित हो रही है।
श्री त्रिपाठी ने उप जिलाधिकारियों तथा कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वह प्रतिदिन फॉर्मर रजिस्ट्री की समीक्षा करें तथा जिन ग्राम पंचायतों में प्रगति सबसे कम है, वहां स्वयं जाकर अवशेष कृषकों की फॉर्मर रजिस्ट्री कराकर प्रगति सुधारें। उन्होंने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए अधिकारियों को क्षेत्र में सक्रिय रहना होगा और प्रत्येक पात्र किसान की समयबद्ध फॉर्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित करनी होगी। उन्होने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत सचिवालयों पर ग्राम प्रधान, कोटेदार, पंचायत सहायक, लेखपाल तथा रोजगार सेवक उपस्थित रहकर अवशेष किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री कराएं। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपस में समन्वय स्थापित कर अभियान को मिशन मोड में संचालित करें, जिससे निर्धारित समय सीमा में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जा सके, समीक्षा के दौरान पाया कि ग्राम पंचायत समान में कुल 03 लेखपाल क्षेत्र निर्धारित है लेकिन उनमें से 02 लेखपाल तहसील किशनी में कंप्यूटर कक्ष से संबद्ध हैं और क्षेत्र में केवल 01 ही लेखपाल कार्य कर रहा है, जिस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि सभी संबद्ध लेखपालों को तत्काल कार्यमुक्त कर उनके मूल हलकों में भेजा जाए ताकि वह अपने-अपने क्षेत्रों में रहकर किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री का कार्य पूरी जिम्मेदारी के साथ संपादित कर सकें।
जानकारी करने पर पाया कि ग्राम समान में 1500 किसानों के सापेक्ष अब तक मात्र 350 किसानों की ही फॉर्मर रजिस्ट्री हो सकी है, जो अत्यंत निराशाजनक है, वहीं ग्राम पंचायत चितायन में लगभग 2400 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कराया जाना अवशेष है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र किसान का समयबद्ध पंजीकरण सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों की जिम्मेदारी है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा उदासीनता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। इस दौरान उप जिलाधिकारी किशनी नवनीता राय, ग्राम प्रधान समान, क्षेत्रीय लेखपाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।



