मैनपुरी(सुवि)आगामी सावन मास में कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा ने आज मैनपुरी-फर्रूखाबाद सीमा स्थित काली नदी पुल से लेकर बेवर-किशनी-रामनगर कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया, निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग, पुलिस चौकी, प्रकाश व्यवस्था, सड़क की स्थिति, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए, निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सावन मास में फर्रूखाबाद जनपद के प्रसिद्ध पांचाल घाट से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पवित्र गंगाजल लेकर जनपद मैनपुरी के विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक करने आते हैं, कांवड़ यात्रा आस्था का विषय है इसलिए श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी संबंधित विभाग निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ मार्ग पर जहां कहीं भी सड़क क्षतिग्रस्त है, गड्ढे हैं अथवा जल-भराव की स्थिति है, वहां तत्काल मरम्मत कार्य कराया जाए, मार्ग को समतल एवं सुरक्षित बनाकर श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए पूरी तरह सुगम बनाया जाए।

श्री त्रिपाठी ने कहा कि कांवड़ लेकर चलने वाले श्रद्धालुओं को रास्ते में किसी प्रकार की कठिनाई न हो, मार्ग पर यदि कहीं अवरोध हैं तो उन्हें तत्काल हटाया जाए तथा सड़क के दोनों ओर साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई तत्काल करायी जाए। उन्होने काली नदी पुल के समीप स्थित पुलिस चौकी का भी निरीक्षण किया, उन्होंने चौकी परिसर में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए कहा कि यह चौकी मैनपुरी एवं फर्रूखाबाद जनपद की सीमा पर स्थित होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, यहां तैनात पुलिस कर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने खंड विकास अधिकारी बेवर को निर्देशित किया कि चौकी परिसर में इंटरलॉकिंग करायें, पुलिस चौकी परिसर, उसके आस-पास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए एक हाईमास्ट लाइट स्थापित कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रात्रि के समय पर्याप्त रोशनी रहने से सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों एवं आमजन दोनों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि चौकी एवं कांवड़ मार्ग पर जहां भी प्रकाश व्यवस्था की कमी है, वहां तत्काल विद्युत लाइन का विस्तार कर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुलिस अधिकारियों से चौकी पर तैनात पुलिस बल, सुरक्षा व्यवस्था तथा क्षेत्र की संवेदनशीलता के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देशित किया कि पुलिस चौकी को सभी आवश्यक मूल-भूत सुविधाओं से सुसज्जित किया जाए, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, छायादार स्थान एवं अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं ताकि ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि होती है, ऐसे में यातायात प्रबंधन को विशेष प्राथमिकता दी जाए, जहां आवश्यकता हो वहां बैरिकेडिंग कराई जाए तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि रात्रि गश्त बढ़ाई जाए तथा पूरे कांवड़ मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के सभी प्रमुख शिव मंदिरों एवं महादेव मंदिरों के आस-पास विशेष सफाई अभियान चलाया जाए, मंदिर परिसरों, संपर्क मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नियमित सफाई कराई जाए। उन्होने कहा कि कांवड़ मार्ग पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण अथवा अवरोध न रहे यदि कहीं अस्थायी अतिक्रमण है तो उसे तत्काल हटाकर मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित एवं बाधारहित बनाया जाए, श्रद्धालुओं के आवागमन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो इसके लिए सभी विभाग निरंतर समन्वय बनाए रखें।



