मैनपुरी(सुवि) प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री मा. योगी आदित्यनाथ ने जनपद के सर्वांगीण विकास हेतु रू. 06 अरब 82 करोड़ 93 लाख की 111 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास एवं विभिन्न जन-कल्याणकारी, लाभार्थीपरक योजनाओं के लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति के डेमो चैक, आवास की चाबी, आयुष्मान कार्ड, निःशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने के उपरांत उपस्थित जन-समूह को संबोधित करते हुए कहा कि मैनपुरी ऋषियों, महापुरुषों और प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक महाराजा तेज सिंह चौहान की पावन भूमि है। उन्होने कहा कि एक समय ऐसा था जब मैनपुरी की पहचान अपराध और भय के कारण प्रभावित थी, यहां के युवाओं को प्रदेश से बाहर सम्मान नहीं मिलता था लेकिन आज उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर के साथ मैनपुरी के युवाओं, किसानों और व्यापारियों को पूरे देश में सम्मान मिल रहा है, यह परिवर्तन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं डबल इंजन सरकार की विकासपरक नीतियों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में नौकरी योग्यता से नहीं बल्कि सिफारिश और भ्रष्टाचार के आधार पर मिलती थी, आज पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से लाखों युवाओं को बिना भेद-भाव सरकारी योग्यता के आधार पर नौकरियां मिल रही हैं, प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है, निवेश बढ़ा है और उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य की छवि से निकलकर देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होने कहा कि सरकार की प्रत्येक योजना का लाभ बिना किसी जाति, वर्ग या धर्म के भेदभाव के पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है, किसानों के लिए फसल ऋण माफी, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना सहायता योजना, मुफ्त सिंचाई सुविधा और अन्य योजनाओं का लाभ समान रूप से उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है, प्रदेश को माफिया मुक्त बनाया गया है, अब बेटियों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है, पहले दंगे, भय और असुरक्षा का वातावरण था, आज प्रदेश में शांतिपूर्ण वातावरण में सभी पर्व एवं धार्मिक आयोजन पूरे उत्साह से संपन्न हो रहे हैं।

IMG 20260726 WA00111

मुख्यमंत्री उ.प्र. शासन ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने मैनपुरी की पहचान को पूरी तरह बदल दिया है, कभी अपराध, भय और असुरक्षा के कारण बदनाम रहा जनपद आज विकास, सुशासन, सांस्कृतिक विरासत, निवेश, रोजगार और सम्मान की नई पहचान के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होने भारत की पौराणिक एवं ऐतिहासिक विरासत से समृद्ध मैनपुरी की धरती को नमन करते हुए कहा कि महर्षि मयन और महर्षि च्यवन की तपोभूमि तथा प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली इस पवित्र भूमि पर आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होने कहा कि आज का मैनपुरी अपनी पौराणिक और ऐतिहासिक पहचान के साथ-साथ विकास की नई यात्रा के लिए जाना जा रहा है, लेकिन एक समय ऐसा भी था जब मैनपुरी का नाम सुनकर लोग घबरा जाते थे, यहां के युवाओं को प्रदेश के बाहर होटल और धर्मशालाओं में ठहरने में कठिनाई होती थी, किराये पर मकान देने में भी लोगों को संकोच होता था। उन्होंने कहा कि यह स्थिति किसी प्राकृतिक कारण से नहीं बल्कि पूर्ववर्ती सरकारों की गलत नीतियों और अपराधियों को संरक्षण देने का परिणाम थी, पूर्ववर्ती सरकारों ने केवल मैनपुरी ही नहीं बल्कि पूरे उ.प्र. की पहचान पर प्रश्नचिह्न लगा दिया था, युवाओं की नौकरियां छीनी गईं, किसानों की खुशहाली प्रभावित हुई, व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल बना और बेटियों की सुरक्षा संकट में पड़ गई, उ.प्र. को बीमारू राज्य की श्रेणी में पहुंचा दिया गया जबकि यह देश का सबसे बड़ा राज्य होने के साथ प्रकृति और परमात्मा की विशेष कृपा प्राप्त प्रदेश है।

उन्होने कहा कि डबल इंजन की सरकार बिना किसी भेदभाव के गरीब, किसान, महिला और युवा इन चारों वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार की नीतियों ने पिछले 09 वर्षों में प्रदेश की तस्वीर बदल दी है, आज यदि मैनपुरी का कोई युवा, किसान या व्यापारी देश के किसी भी हिस्से में अपना परिचय देता है तो उसे सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं, बल्कि राजस्व अधिशेष वाला राज्य बन चुका है तथा देश की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में अपना स्थान बना रहा है। उन्होंने कहा कि एक जनपद-एक उत्पाद योजना के माध्यम से मैनपुरी की प्रसिद्ध तारकशी कला को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है, इससे स्थानीय कारीगरों को सम्मान, रोजगार और नए बाजार उपलब्ध हुए हैं, सरकार का उद्देश्य प्रत्येक जिले की पारंपरिक कला और उद्योग को आर्थिक समृद्धि का आधार बनाना है। उन्होंने कहा कि पहले सरकारी नौकरियों में प्रतिभा नहीं बल्कि सिफारिश और धनबल का महत्व होता था, गरीब और प्रतिभाशाली युवाओं को केवल इसलिए नौकरी से वंचित रहना पड़ता था क्योंकि वह रिश्वत नहीं दे सकते थे लेकिन डबल इंजन सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया, युवाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां दी गई हैं, अब नियुक्ति के लिए न किसी की सिफारिश की आवश्यकता है और नाहीं किसी प्रकार के लेन-देन की। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री द्वारा किसानों को सिंचाई के लिए अधिक बिजली उपलब्ध कराने की मांग का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को दिन में सिंचाई 10 घंटे निर्वाध बिजली उपलब्ध कराएगी।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि मैनपुरी केवल एक जिला नहीं बल्कि गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक परंपराओं की धरती है, यह महान स्वतंत्रता सेनानी महाराजा तेज सिंह की पावन कर्मभूमि है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता में महत्वपूर्ण योगदान दिया, यह भूमि ऋषियों-मुनियों और तपस्वियों की तपोभूमि रही है, जिसने सदैव राष्ट्र सेवा, समाज सेवा और भारतीय संस्कृति के संरक्षण में अग्रणी भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने सनातन संस्कृति, धार्मिक स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों और महान विभूतियों के सम्मान का जो अभियान चलाया है, उससे प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और अधिक सशक्त हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में मैनपुरी में भी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं, महाराजा तेज सिंह की स्मृतियों को संरक्षित करने के उद्देश्य से आधुनिक संग्रहालय तथा भव्य ऑडिटोरियम का निर्माण कार्य संचालित है, यह परियोजना वर्षों से जिले की आवश्यकता थी, जिसे मुख्यमंत्री ने पूरा कर जनपदवासियों को एक बड़ी सौगात दी है, इससे आने वाली पीढ़ियां अपने इतिहास, संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली अध्यायों से परिचित हो सकेंगी।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मैनपुरी को केवल सांस्कृतिक सौगात ही नहीं दी बल्कि विकास की नई दिशा भी प्रदान की है, मैनपुरी बाईपास की स्वीकृति, प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण, नई सड़कों का निर्माण, जर्जर मार्गों का पुनर्निर्माण तथा आधार-भूत सुविधाओं के विस्तार ने जिले की तस्वीर बदलने का कार्य किया है, इन परियोजनाओं से यातायात सुगम होगा, व्यापार को गति मिलेगी और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी, मैनपुरी सहित पूरे प्रदेश में अपराधियों का आतंक था, व्यापारी भय के वातावरण में व्यापार करने को मजबूर थे, बहन-बेटियों की सुरक्षा चिंता का विषय थी, आम नागरिक स्वयं को असुरक्षित महसूस करता था और अपराधियों में कानून का कोई भय नहीं था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सत्ता संभालने के बाद अपराध और माफिया के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई तथा कानून-व्यवस्था को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी, इसका परिणाम है कि आज उत्तर प्रदेश कानून के राज का उदाहरण बन चुका है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उ.प्र. की पहचान को राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई प्रतिष्ठा दिलाई है, पहले उ.प्र. के लोगों को दूसरे राज्यों में संदेह की दृष्टि से देखा जाता था, कई बार लोगों को केवल उत्तर प्रदेश का निवासी होने के कारण उपेक्षा का सामना करना पड़ता था लेकिन आज प्रदेश की छवि पूरी तरह बदल चुकी है, उ.प्र. निवेश, औद्योगिक विकास, कानून-व्यवस्था, आधारभूत संरचना और सुशासन के कारण देश का अग्रणी राज्य बनकर उभरा है, आज प्रदेश का नागरिक सम्मान और गर्व के साथ अपनी पहचान प्रस्तुत करता है।

विधायक भोगांव रामनरेश अग्निहोत्री ने कहा कि आज जनपदवासियों के लिए सौभाग्य की बात है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पधार रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी एवं प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है, 80 करोड़ से अधिक गरीबों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है, आवासहीन पात्र व्यक्तियों को प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री आवास योजना में पक्का मकान उपलब्ध कराकर उन्हें सम्मान से जीने का अधिकार दिया, माता-बहनों को धुएं से निजात दिलाने के लिए प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में देश देश की 12 करोड से अधिक महिलाओं को निःशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराये, गरीबों के निःशुल्क इलाज के लिए प्रति वर्ष रू. 05 लाख की व्यवस्था कर आयुष्मान कार्ड जारी किये गए, बेरोजगार नौजवानों को उनकी योग्यता के आधार पर पारदर्शिता के साथ सरकारी विभागों में नियुक्तियां दी गयीं। उन्होंने कहा कि सरकार बिना किसी भेद-भाव के सभी वर्गों को योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है, गरीब बेटी की शादी का जिम्मा प्रदेश सरकार ने अपने कंधों पर लिया है, आज सरकारी खजाने से रू. 01 लाख खर्च कर भव्य समारोह मंे उनकी शादी करायी जा रही है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में कानून का राज है, आज प्रदेश से पूरी तरह गुंडाराज का सफाया हो चुका है, अपराधी या तो जेल के अंदर है या प्रदेश छोड़कर चले गए हैं या उनका राम नाम सत्य हो गया।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मवीर प्रजापति, विधायक भोगांव राम नरेश अग्निहोत्री, जिलाध्यक्ष ममता राजपूत सहित अन्य पार्टी पदाधिकारियों ने मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को तारकशी से बनी प्रतिमा, एक जनपद-एक व्यंजन में चयनित सोहनपापड़ी एवं आयुक्त आगरा मंडल आगरा नगेंद्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने जनपद की पहचान का प्रतीक सारस की प्रतिमा भेंट कर अभिवादन किया। पैक्सफेड के अध्यक्ष प्रेमसिंह शाक्य, लोक दल के जिलाध्यक्ष राघवेंद्र दुबे, अनुजेश प्रताप सिंह, पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह राठौर, पूर्व विधायक अशोक सिंह चौहान, जिला प्रभारी अनिल चौधरी, प्रान्तीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी, प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, जिलाध्यक्ष ममता राजपूत आदि ने भी सम्बोधित किया।

मुख्यमंत्री ने जनपद की विकास प्रदर्शनी में वन, उद्यान, राष्ट्रीय कौशल विकास मिशन, पर्यटन एवं संस्कृति, मिशन शक्ति 5.0, महिला कल्याण, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यम, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, जिला विज्ञान क्लब, बेसिक शिक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा स्थापित किये गये विभागीय स्टॉल का निरीक्षण भी किया, कार्यक्रम स्थल पर ही पौधा रोपण किया, कार्यक्रम के दौरान मैनपुरी के विकास पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। इस दौरान प्रभारी मंत्री, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार होमगाडर््स एवं नागरिक सुरक्षा धर्मवीर प्रजापति, अनुजेश प्रताप सिंह यादव, जिला प्रभारी अनिल चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष अर्चना गोविंद भदौरिया, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष संगीता गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष राहुल चतुर्वेदी, अरविंद तोमर, शिवदत्त भदौरिया, प्रदीप सिंह चौहान, राहुल चतुर्वेदी, राघवेंद्र दुबे, गोविन्द भदौरिया, गौरव पाल, कप्तान सिंह निषाद, सुभाष कश्यप, उदय चौहान, भूपेन्द्र यादव, अन्य पार्टी पदाधिकारियों के अलावा आयुक्त आगरा मंडल आगरा नगेन्द्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनन्द, अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजेश चन्द्र, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी शिवम मिश्रा सहित अन्य अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख, अध्यक्ष नगर निकाय आदि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here