मैनपुरी(सुवि)पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को जनपद के लिए ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि ऋषि-मुनियों और तपस्वियों की पावन भूमि पर मुख्यमंत्री का आगमन सौभाग्य की बात है, मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान जनपद को विकास की अनेक महत्वपूर्ण सौगातें देंगे तथा विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। उन्होने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जन-प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा करते हुए कहा कि कार्यक्रम को सफल, व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जायें। उन्होंने कहा कि जनपदवासियों में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जिन विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे, उनका विवरण कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक किया जाएगा, इनमें सैकड़ों करोड़ रुपयों की विकास योजनाएं शामिल हैं, जो मैनपुरी के विकास को नई दिशा देंगी। उन्होने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा जनपद के लिए यादगार साबित होगा तथा प्रदेश सरकार की विकास और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा।
जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने पर्यटन मंत्री को तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि मा. मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जायेंगी, कार्यक्रम के दौरान जिन परियोजनाओं, कार्यों के शिलान्यास, लोकार्पण होने हैं, उनकी सूची तैयार कर ली गयी है, जिन लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाना है, उनकी भी सूची तैयार की जा चुकी है। इस दौरान पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनन्द, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण ए.के. अरूण, डालचन्द भूकेश, धनुषधारी, अधिशाषी अभियंता विद्युत अनिल वर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी राजेश बघेल, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका बुद्धि प्रकाश, जिला क्रीड़ा अधिकारी साधना सिंह के अलावा जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, उदय चौहान, अमित गुप्ता सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी आदि उपस्थित रहे।



