
मैनपुरी 16 जुलाई, 2022- सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील सदर में जन-शिकायतें सुनने के दौरान जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह के सम्मुख जब रामनगर नि. रामेश्वर दयाल ने गाटा संख्या-1321 पर किए गए अवैध कब्जे को हटवाने, कीरतपुर नि. कौशलेन्द्र सिंह ने दबंगों द्वारा भूमि पर जबरन कब्जा करने, नगला झाला नि. विपिन कुमार ने पट्टे की भूमि पर दबंगों द्वारा किए गए कब्जे को हटवाने, नगला मुकुट नि. राजीव ने चकरोड पर किये गये अनाधिकृत कब्जे को हटवाने, सिकन्दरपुर निवासिनी गजाला ने विरासत दर्ज कराकर फर्द दिलाए जाने, नगला सुमेर नि. जगरूप सिंह ने पट्टे की भूमि की पैमाइश कराये जाने की मांग अपने शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिस पर उन्होने नाराजगी व्यक्त करते हुये कहा कि भूमि पर अनाधिकृत कब्जों की शिकायतें निरतंर मिल रही है, राजस्व, पुलिस विभाग के कर्मी शिकायतों के प्रभावी निस्तारण में लापरवाही बरत रहे हैं, जिस कारण बार-बार जबरन कब्जों की शिकायतें आ रही हैं, कुछ स्थानों पर आवंटित पट्टों पर पट्टेदार ही काबिज नहीं है जबकि आवंटित पट्टे पर आवंटी का कब्जा दिलाना सम्बन्धित लेखपाल की जिम्मेदारी है। उन्होने सचेत करते हुये कहा कि लेखपाल, राजस्व निरीक्षक सुनिश्चित करें कि आवंटित पट्टों पर पट्टेदार काबिज रहें, यदि किसी भी क्षेत्र में आवटिंत पट्टे पर अनाधिकृत कब्जे की शिकायत मिली तो सम्बन्धित राजस्वकर्मी की जिम्मेदारी तयकर कार्यवाही होगी।
श्री सिंह ने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि इस दिवस पर प्राप्त शिकायतों का स्वयं संज्ञान लेकर निस्तारण करें, यथासभंव मौके पर जाकर समस्या का समाधान कराया जाये यदि किसी समस्या का निर्धारित समयसीमा में निराकरण सम्भव न हो तो शिकायती पत्र पर टिप्पणी अंकित कर वापिस किया जाये, कोई भी शिकायती प्रार्थना पत्र किसी भी कार्यालय में अकारण लम्बित न रहे यदि किसी कार्यालय में निर्धारित समयसीमा के उपरांत कोई शिकायती प्रार्थना पत्र अनिस्तारित पाया गया तो सम्बन्धित अधिकारी के विरूद्ध कार्यवाही होगी। उन्होने कहा कि इस दिवस पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापरक निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में हैं और इसकी मॉनीटरिंग भी शासन स्तर से की जा रही है, इसलिए सभी अधिकारी संवेदनशील रहकर संपूर्ण समाधान दिवस पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का व्यक्तिगत जिम्मेदारी मान निराकरण करें।
आज आयोजित सम्पूंर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील सदर में शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी के सम्मुख 75 शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से अपनी व्यथा दर्ज करायी, जिसमें से 03 शिकायतों का मौके पर निराकरण कर तत्काल फरियादी को राहत प्रदान की, शेष को सम्बन्धित अधिकारियों को पृष्ठाकिंत कर प्रभावी कार्यवाही के निर्देश देते हुये कहा कि भूमि पर अनाधिकृत कब्जे से सम्बन्धित प्राप्त शिकायतों पर राजस्व, पुलिस की टीम मौके पर जाकर अनाधिकृत कब्जा करने वालों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही कर अनाधिकृत कब्जा हटवाना सुनिश्चित करें। श्यामपुर नि. जसवंत सिंह ने खतौनी पर गलत आदेश अंकित किए जाने, दिवरोली निवासिनी मंजू देवी ने अन्त्योदय कार्ड बनवाये जाने, नगला मनु नि. संजीव कुमार ने आवास दिलाए जाने, नगला आंध नि. राजरानी ने पक्की मेढ़बंदी कराए जाने की मांग अपने शिकायती प्रार्थना पत्रों केे माध्यम से की।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर नवोदिता शर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पी.पी. सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर विजय पाल सिंह, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी एस.एन. मौर्य, परियोजना निदेशक के.के. सिंह, तहसीलदार सदर राज कुमार, उप कृषि निदेशक डी.वी.सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।


