मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने सैनिक बन्धु की बैठक में भूत-पूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों की समस्याएं सुनने के दौरान कहा कि सेना से सेवानिवृत्त होकर आने वाले सैनिकों की समस्याओं का सर्वोच्च प्राथमिकता पर सभी विभागों में समाधान हो, उन्हें मिलने वाली सुविधाएं समय से मिले इसके बेहतर प्रबंध होंगे। उन्होने सैनिकों को आश्वस्त किया कि उनकी प्रत्येक समस्या का सर्वोच्च प्राथमिकता पर निदान होगा, उनके द्वारा जो भी प्रार्थना पत्र दिए गए हैं, उन्हें प्राथमिकता पर निस्तारित कराया जाएगा। उन्होने भूत-पूर्व सैनिकों से सीधे संवाद करते हुए कहा यदि किसी भी भूत-पूर्व सैनिक, उनके आश्रितों, विधवाओं को कोई भी समस्या हो तो किसी भी कार्य दिवस में कलेक्ट्रेट आकर उनके संज्ञान में लाएं, उनकी समस्याओं का निदान प्राथमिकता पर कराया जायेगा। उन्होने कहा कि भूतपूर्व सैनिकों की समस्याओं के निदान हेतु तहसील स्तर पर भी प्रत्येक माह के तृतीय शुक्रवार को सैनिक बंधु की बैठक उप जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एवं जिला मुख्यालय पर प्रत्येक माह के चतुर्थ शुक्रवार को अद्योहस्ताक्षरी की अध्यक्षता में आयोजित होगी ताकि भूतपूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों को अपनी समस्याओं के निदान के लिए अकारण मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।

श्री त्रिपाठी ने भूतपूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों को आश्वस्त किया कि शस्त्र लाइसेंस को वारिसान को हस्तांतरण के प्रकरण प्राथमिकता पर निपटाए जाएंगे, जो भी भूतपूर्व सैनिक 70 वर्ष से अधिक की आयु पूर्ण कर चुके हैं या गंभीर बीमारियों से ग्रसित है, वह अपने शस्त्र लाइसेंस को उत्तराधिकारी के नाम ट्रांसफर करने के लिए प्रार्थना पत्र के साथ शपथ पत्र प्रस्तुत करें। उन्होंने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी से कहा कि 70 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सैनिकों की सूची उपलब्ध करायें ताकि उनके प्राथमिकता पर उनके आयुष्मान कार्ड बनवाए जा सकें। उन्होंने उपस्थित भूतपूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों से कहा कि भूमि विवाद के संबंध में आपस में न उलझें बल्कि जिला प्रशासन के संज्ञान में लाएं, भूमि विवादों का निपटारा मिशन समाधान के तहत प्राथमिकता पर कराया जाएगा।
आज आयोजित सैनिक बन्धु की बैठक में भूत-पूर्व सैनिकों एवं उनकी विधवाओं द्वारा 14 शिकायती प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी के सम्मुख प्रस्तुत किये, शाह-आलमपुर नि. यदुनाथ सिंह ने पट्टे के संबंध में, संसारपुर नि. गोविंद दुबे ने भूमि की पैमाइश कराने, ग्राम गौड़ा नि. सोवरन सिंह ने नाली निर्माण कराई जाने, अजीतगंज नि. धन देवी ने भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटवाने, बलारपुर नि. पातीराम ने शस्त्र लाइसेंस का स्थानांतरण कराने, कुसमा खेड़ा नि. रेखा देवी ने बटाईदार द्वारा किए गए जबरन कब्जे को हटाने, खटीकपुर नि. बृजेश कुमार, बैजनाथपुर नि. रमाशंकर ने भूमि की पैमाइश करने की मांग अपने शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिस पर उन्होंने भूतपूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का निदान प्राथमिकता पर कराया जाएगा।
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी, गु्रप कैप्टन आर.के. शर्मा ने भूतपूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों हेतु केन्द्र, राज्य सरकार की संचालित योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बैठक में अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनंद, पूर्व जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ले. कर्नल सुरेश चंद्र यादव, क्षेत्राधिकारी नगर अशोक सिंह, उप कृषि निदेशक नरेन्द्र कुमार त्रिपाठी के अलावा बड़ी संख्या में भूत-पूर्व सैनिक, उनके आश्रित आदि उपस्थित रहे।



