मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने वृहद वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुये कहा कि दि. 12 जुलाई को वृक्षारोपण अभियान के अन्तर्गत ’’एक पेड़ मॉ के नाम’’ अवश्य रोपित करें। उन्होने कहा कि अभियान के दौरान पौधे रोपित किये जायें वह जीवित रहें, यही लक्ष्य निर्धारित किया जाए, पौधा रोपण के साथ रोपित पौधे की जीवितता पर विशेष ध्यान दिया जाये, पौधा रोपण स्थल पर पौधों की देखभाल हेतु कर्मी की लिखित में ड्यूटी लगायी जाये। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पौधारोपण दिवस दि. 12 जुलाई को संबंधित अधिकारी प्रत्येक घंटे के पौधारोपण की प्रगति की सूचना वन विभाग कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि पौधारोपण कार्यक्रम को निर्वाचन की तरह इलेक्शन मोड से कराने हेतु जनपद को 06 जोन एवं 09 सेक्टर में विभाजित कर प्रत्येक जोन में उप जिलाधिकारी को जोनल मजिस्ट्रेट एवं जिला स्तरीय अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में पौधा रोपण लक्ष्य की पूर्ति हेतु तैनात किया गया है। उन्होने बताया कि वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत मुख्य कार्यक्रम में विकास खंड मैनपुरी के ग्राम गढ़ेरी में लगभग 11 हेक्टेयर भूमि पर 21 हजार पौधे रोपित किए जाएंगे, नगर क्षेत्र के संसारपुर में 03 हजार पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

IMG 20260707 WA0007

श्री त्रिपाठी ने कहा कि शासन द्वारा इस वर्ष जनपद में 39 लाख 51 हजार 600 पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष सर्वाधिक पौधा रोपण ग्राम विकास विभाग द्वारा 14 लाख 47 हजार, वन विभाग द्वारा 10 लाख 36 हजार, कृषि विभाग द्वारा 04 लाख 48 हजार, उद्यान विभाग द्वारा 02 लाख 24 हजार, पर्यावरण विभाग द्वारा 01 लाख 99 हजार, पंचायती राज विभाग द्वारा 01 लाख 73 हजार, राजस्व विभाग द्वारा 01 लाख 12 हजार एवं नगर विकास द्वारा 40 हजार पौधे रोपित किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष विश्व पर्यावरण दिवस दि. 05 जून के अवसर पर जनपद में 05 लाख 36 पौधे रोपित किये जा चुके हैं, जिसमें से ग्राम विकास विभाग द्वारा 03 लाख 34 हजार, कृषि विभाग द्वारा 84 हजार, वन विभाग द्वारा 36 हजार, पंचायती राज विभाग द्वारा 22 हजार पौधे रोपित किये जा चुके हैं। उन्होने कहा कि वृहद वृक्षारोपण अभियान के दौरान कम से कम 01-01 हे. भूमि पर मैनपुरी रेंज में च्यवन ऋषि आश्रम में महर्षि चरक वन, पड़रिया वन ब्लाक में ऊर्जा वन, करहल रेंज के आलमगीरपुर वन ब्लाक में सामाजिक समरसता वन, नगला मांझ में फलदार प्रजातियों की वाटिका, किशनी रेंज के समान वन ब्लाक में समृद्धि वन, नहर कानपुर ब्रांच पर वंदे-मातरम् वाटिका, भोगांव रेंज के टोडरपुर नहर पटरी पर ऑक्सीवन विकसित होंगे।

IMG 20260707 WA0008

प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी शिवम मिश्रा ने बताया कि जनपद के लिए संशोधित वृक्षारोपण लक्ष्य की पूर्ति हेतु जनपद की 24 नर्सरी में 61 लाख 13 हजार पौध तैयार है, जहां से मांग के अनुसार विभागों को पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे, वन विभाग द्वारा संरक्षित वन क्षेत्र की भूमि पर वृहद स्तर पर वृक्षारोपण होगा। उन्होने बताया कि जिन विभागों को वृक्षारोपण के लक्ष्य आवंटित किये गये है, उनके द्वारा स्थल चयन, गड्ढा खुदान सम्बन्धित सूचना उपलब्ध करा दी गयी है साथ ही पौध उठान का मांग पत्र भी अधिकांश विभागों द्वारा उपलब्ध कराया गया है, मांग के अनुसार समीपवर्ती पौधशालाओं से संम्बन्धित विभागों को पौध उपलब्ध करायी जा रही है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिषेक तिवारी, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आर.सी. गुप्ता, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए. शोभनाथ चौरसिया, उपायुक्त एनआरएलएम शौकत अली, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोमदत्त, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अरूण कुमार शुक्ला, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी सूर्य प्रताप, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण ए.के. अरुण, उप प्रभागीय वनाधिकारी वंदना सिंह, उप क्षेत्रीय वनाधिकारी राजीव दीक्षित, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय, खंड विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here