मैनपुरी(सुवि)जिला वृक्षारोपण समिति, जिला पर्यावरण समिति एवं जिला गंगा समिति की बैठक में प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी शिवम मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि दि. 12 जुलाई से पूर्व अपने-अपने विभाग के वृक्षारोपण लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत गड्ढा खुदान कराकर सूचना वन विभाग को उपलब्ध करायें। उन्होंने कहा कि सभी विभागों को वृक्षारोपण लक्ष्य के सापेक्ष पौध उठान हेतु नर्सरी आवंटित कर सूचना उपलब्ध कराई जा चुकी है, सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने आवंटित पौधशाला से वृक्षारोपण अभियान से पूर्व पौध उठान अवश्य कर लें। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण अभियान के दौरान जो भी पौधे रोपित किए जाएं उसकी ’’हरितिमा एप’’ पर जिओ टैग के माध्यम से फोटो अपलोड करना सुनिश्चित करें साथ ही जनपद की एन.आई.सी. द्वारा जनरेट क्यू- कोड पर भी अपलोड किया जाये।
उन्होने कहा कि वृक्षारोपण अभियान के दौरान रोपित पौधों को बेहतर देख-भाल व सुरक्षा के प्रबंध किए जाएं, पौधों की पर्याप्त निराई, गुढ़़ाई कराई जाए। उन्होने जिला पंचायतराज अधिकारी, क्षेत्रीय वनाधिकारियो से कहा कि रोस्टर तैयार कर प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्रीन चौपाल का गठन कराकर ग्रीन चौपाल की बैठक खंड विकास अधिकारियों के समन्वय से करना सुनिश्चित करें। उन्होने जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशाषी अधिकारी नगर निकाय से कहा कि एम.आर.एफ. सेंटर क्रियाशील रहें, सॉलिड वेस्ट के निस्तारण के साथ मेडिकल वेस्ट के निस्तारण के उचित प्रबन्ध किये जायें, जिन ग्रामों में ग्राम गंगा समितियों का गठन हो चुका है वहां प्रतिमाह बैठकें आयोजित कराकर ग्रामीणों को जागरूक किया जाये।
इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी सिद्धार्थ यादव, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण ए. के. अरुण, अधिशासी अभियंता सिंचाई राजीव कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अरुण कुमार शुक्ला सहित खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय आदि उपस्थित रहे, बैठक का संचालन उप क्षेत्रीय वनाधिकारी राजीव दीक्षित ने किया।



