मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने विकास खंड घिरोर की ग्राम पंचायत फैजपुर में पूर्व माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जन चौपाल में ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए चकबंदी प्रक्रिया, ग्राम समाज की भूमि, प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर नल योजना, स्वास्थ्य, विद्युत, सफाई, राशन, आंगनबाड़ी, शिक्षा, जल निकासी, पुस्तकालय सहित विभिन्न जन-समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने चकबंदी के संबंध में ग्रामीणों की राय, गांव के बहुमत की भावना को समझने के बाद कहा कि प्रशासन किसानों के हितों के विरुद्ध कोई निर्णय नहीं लेगा, चकबंदी प्रक्रिया पर अंतिम निर्णय लेने से पहले ग्राम समाज की समस्त भूमि का अभिलेखीय, भौतिक सत्यापन कराया जाएगा, जहां भी अवैध कब्जे पाए जाएंगे, उन्हें हटाने की कार्यवाही की जाएगी साथ ही चकबंदी, राजस्व विभाग द्वारा पूर्व में पारित सभी आदेशों का परीक्षण कराया जाएगा ताकि किसी प्रकार का फर्जी आदेश, गलत नामांतरण, मृतक के नाम पर की गई वरासत, अन्य अभिलेखीय त्रुटियां सामने आने पर उनका विधिक निराकरण किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक प्रकरण का निस्तारण केवल अभिलेखों एवं तथ्यों के आधार पर होगा, प्रशासन ऐसा कोई निर्णय नहीं लेगा जिससे भविष्य में किसानों को न्यायालयों, सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने पड़ें, राजस्व, संबंधित विभागों की संयुक्त समिति गठित कर प्रत्येक प्रकरण की जांच कराई जाएगी।

IMG 20260628 WA0002

श्री त्रिपाठी ने ग्रामीणों से आपसी सौहार्द बनाए रखने, अपनी ऊर्जा विवादों के बजाय गांव के विकास में लगाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रशासन की मंशा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा प्रत्येक समस्या का पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है, प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि हाल ही में कराए गए सर्वे की पात्रता सूची ग्राम पंचायत में सार्वजनिक रूप से चस्पा कराई जाए, सूची प्रकाशित होने के बाद गांव में विशेष चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से आपत्तियां, सुझाव प्राप्त किए जायें यदि किसी पात्र परिवार का नाम छूट गया हो तो जांच कर सूची में शामिल किया जाये, अपात्र व्यक्तियों के नाम हटाए जाये, जिससे योजना का लाभ केवल वास्तविक पात्रों को ही प्राप्त हो सके, हर घर नल योजना की समीक्षा के दौरान ग्रामीणों ने कुछ स्थानों पर पेयजल आपूर्ति न होने की समस्या रखी, जिस पर उन्होंने जल निगम के अभियंता को निर्देशित किया कि 30 जुलाई तक प्रत्येक घर में नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, जल निगम, पंचायत विभाग एवं संबंधित अधिकारी समन्वय स्थापित कर सभी लंबित कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करें। उन्होंने ग्रामीणों से नल संयोजन लेने की अपील करते हुए कहा कि कार्य पूर्ण होने के बाद वरिष्ठ अधिकारी स्वयं गांव का निरीक्षण कर जलापूर्ति की स्थिति का सत्यापन करेंगे। उन्होंने ग्रामीणों द्वारा सफाई व्यवस्था पर असंतोष व्यक्त किए जाने, लापरवाही पाए जाने पर निलंबन करते हुए, संबंधित सफाई-कर्मी के कार्यों की जांच कराने, गांव की आबादी को देखते हुए 02 अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की रोस्टर के अनुसार तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश जिला पंचायत राज अधिकारी को दिए, जिससे प्रत्येक मोहल्ले, सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई हो सके।

IMG 20260628 WA0004

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए प्र. चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि रविवार को ग्राम फैजपुर में वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाए, शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम पूरे दिन गांव में उपस्थित रहकर ग्रामीणों की सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप, मधुमेह, एनीमिया, टीबी, कुष्ठ रोग, संचारी एवं गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण करें, आवश्यकतानुसार विभिन्न पैथोलॉजी जांचें की जायें, मरीजों को निःशुल्क दवाएं वितरित की जायें, गंभीर मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थानों के लिए रेफर भी किया जायें। विद्युत आपूर्ति को लेकर ग्रामीणों द्वारा कम वोल्टेज, बिलों में त्रुटि, निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति न मिलकर मात्र 12 घण्टे ही विद्युत आपूर्ति होने तथा अन्य समस्याएं उठाए जाने पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को भी रविवार को ग्राम में विशेष विद्युत समाधान शिविर आयोजित जाने के निर्देश देते हुए शिविर में नए विद्युत कनेक्शन, बिल संशोधन, नाम परिवर्तन, मीटर संबंधी शिकायतों, विद्युत भार वृद्धि, बकाया बिलों के निस्तारण तथा अन्य विद्युत समस्याओं का मौके पर समाधान कराने के निर्देश दिये। उन्होंने आंगनबाड़ी सेवाओं की समीक्षा करते हुए केंद्र नियमित रूप से संचालित करने, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण पोषाहार उपलब्ध कराने तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को सभी विभागीय योजनाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, राशन वितरण व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कहा कि आगामी राशन वितरण वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में कराया जाए, प्रत्येक पात्र कार्ड-धारक को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए, अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कोटेदार के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाए। चौपाल में ग्रामीणों ने नाली निर्माण, जल निकासी, पुस्तकालय स्थापना, पट्टा संबंधी विवाद एवं अन्य स्थानीय समस्याओं को भी जिलाधिकारी के समक्ष रखा।

चौपाल में उप जिलाधिकारी घिरोर अंजली सिंह, क्षेत्राधिकारी सच्चिदानंद, बंदोवस्त अधिकारी चकबंदी परवेज अख्तर अंसारी, जिला पंचायत राज अधिकारी राजेश बघेल, चकबंदी अधिकारी वासुदेव सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी, बडी संख्या में ग्रामीण आदि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here