मैनपुरी(सुवि)12वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के सम्बन्ध में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि दि. 15 जून से 20 जून तक योग सप्ताह एवं 21 जून को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जायेगा, योग सप्ताह हेतु समस्त तैयारियों को समय से पूर्ण किया जाये, पूरे सप्ताह की कार्य-योजना तैयार कर कार्यक्रमों हेतु नोडल अधिकारियों को नामित किया जाये, सभी कार्यक्रम बेहतर, व्यवस्थित ढंग से हों, सुनिश्चित किया जाये। उन्होंनंे कहा कि ’’स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’’ थीम पर योग सप्ताह मनाया जायेगा। उन्होंने बताया कि योग सप्ताह का शुभारंभ दि. 15 जून को प्रातः लोहिया पार्क में होगा, दि. 21 जून को जिला मुख्यालय पर वृहद स्तर पर योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन पं. जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में होगा। उन्होंने अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका को आदेशित करते हुए कहा कि कार्यक्रम स्थल की विशेष सफाई अभियान चलाकर साफ-सफाई करायें, वर्षा के दृष्टिगत कार्यक्रम स्थल पर जल निकासी के उचित प्रबन्ध करें साथ ही ठंडे पानी टेंकर की उपलब्धता सुनिश्चित करायें।

IMG 20260612 WA0002

श्री त्रिपाठी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा, ए.एन.एम. को योग में प्रशिक्षण देकर योग सप्ताह के दौरान इनका सहयोग लिया जाए। उन्होंने आयुर्वेदिक यूनानी अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक विकास खंड स्तर पर प्रशिक्षण कैंप आयोजित कर ग्राम पंचायत अधिकारियों, रोजगार सेवक, आशा, ए.एन.एम., आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के अलावा एन.सी.सी. कैडेट्स, नेहरू युवा केंद्र के वालंटियर को प्रशिक्षण देकर मास्टर के रूप में तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि योग सप्ताह के दौरान नगर क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक घर-घर योग पहुंचे, सभी लोग योग सप्ताह, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग पर आधारित आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में प्रतिभाग करें। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से कहा कि जनपद स्तर पर 21 जून को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में कम से कम 200 शिक्षकों, जिला विद्यालय निरीक्षक 100 छात्रों, मेरा युवा भारत के 100 वालंटियर, पीआरडी के 100 जवानों की उपस्थिति स्टेडियम में सुनिश्चित करायें, स्काउट गाइड, एन.सी.सी. के 50-50 कैडेट की उपस्थिति करायी जाये, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्टेडियम में आयोजित होने वाले योगा कार्यक्रम में कम से कम 01 हजार लोगों की उपस्थिति करायी जाये।

जिलाधिकारी ने कहा कि समस्त तहसीलों, विकास खंडों, स्वास्थ केंद्रों, सार्वजनिक पार्कों, नगर निकायों, समस्त प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों, इंटर कॉलेज, महाविद्यालयों, दिव्यांग, समाज के वंचित समूहों, जिला कारागार सहित विशिष्ट वर्ग, सरकारी एवं कार्पोरेट कार्यालयों में योग पर आधारित कार्यक्रम आयोजित कराये जायें, योगा आधारित कार्यक्रमों में जन-प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने जनपदवासियों का आव्हान करते हुए कहा कि सभी लोग योग सप्ताह के दौरान कहीं न कहीं योगा के कार्यक्रम में अवश्य सम्मलित हों। उन्होने जिला आयुर्वेदिक यूनानी अधिकारी को आदेशित करते हुये कहा कि जहां भी योग सप्ताह दौरान योगा के कार्यक्रम आयोजित हों, वहां पर योग प्रशिक्षक उपलब्ध रहें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनन्द, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आर.सी. गुप्ता, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बुद्धि प्रकाश, जिला होम्योपैथिक अधिकारी शैलेन्द्र कुमार, पतंजलि से डा. चन्द्रमोहन सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे, बैठक का संचालन जिला यूनानी एवं आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. देवेन्द्र सिंह ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here