मैनपुरी(सुवि)संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील किशनी में जन-शिकायतें सुनने के दौरान जब जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी के सम्मुख नैगवां खिरिया नि. शिवराम सिंह ने खतौनी में गलत नाम को संशोधित कराये जाने की मॉग अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से की, तो उन्होने मौके पर ही सम्बन्धित लेखपाल को बुलाकर शिकायतकर्ता से आवश्यक अभिलेख प्राप्त कर मौके पर ही खतौनी में नाम दुरुस्त कराकर खतौनी की प्रति शिकायतकर्ता को उपलब्ध कराकर तत्काल राहत प्रदान की। उन्होने असंतोष व्यक्त करते हुऐ कहा कि आज संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान सार्वजनिक भूमि यथा चारागाह, मरघट, चकरोड, विद्यालय आदि की भूमि एवं निजी भूमि पर दबंगई के बल पर अनाधिकृत कब्जों की कई शिकायतें प्राप्त हुयी हैं, अवैध कब्जों से सम्बन्धित शिकायतों का पुलिस, राजस्व की टीम मौके पर जाकर निस्तारण करे, जबरन कब्जा करने वालों के विरूद्ध दण्डात्मक कार्यवाही की जाये, दोनों पक्षों की मौजूदगी में समस्या का निदान कराया जाये। उन्होने कहा कि पैमाइश के दौरान यदि किसी पक्ष के द्वारा व्यवधान उत्पन्न किया जाये तो उसके विरूद्ध शांति भंग की सुसंगत धाराओं में कार्यवाही की जाये।
आज आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील किशनी के दूर-दराज ग्रामीण अंचलों से आए 286 फरियादियों ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र निराकरण हेतु प्रस्तुत किए, जिसमें से 14 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादी का तत्काल राहत प्रदान की। ग्राम सकरामपुर नि. महेन्द्र सिंह ने अधूरी पानी की टंकी को बनवाने, ग्राम अड़ूपुर नि. चन्द्रावती ने न्यायालय अपर जिलाधिकारी न्यायिक के यहां से स्थगन आदेश पारित करने के बाद विपक्षी पक्ष को उस जगह पर हस्तक्षेप करने से रोके जाने, काजीटोला नि. राम सेवक ने गाटा संख्या-862ख पर विपक्षियों द्वारा किये गये अवैध कब्जे को हटवाकर कब्जा दिलाने, ग्राम हविलिया नि. कमलेश ने गाटा संख्या-656छ, कराने, ग्राम हरचन्द्रपुर नि. अशोक कुमार ने गाटा संख्या-432 की पैमाइश कराने, ग्राम अम्बरपुर नि. सर्वेश कुमार, नीलेश कुमार, शीला, सुबोध दुबे, प्रमोद दुबे आदि ने गाटा संख्या-2507क की राजस्व टीम गठित कर पैमाइश एवं सीमाकंन कराने, काजी टोला नि. शमा परवीन ने गाटा संख्या-284 पर किये गये अनाधिकृत कब्जे को हटवाने, ग्राम बोझा नि. नन्द कुमार ने चकरोड संख्या-539 की पैमाइश कर अवैध कब्जा हटवाने, मौजा चौराईपुर नि. जगदीश ने दबंगों द्वारा किये गये अनाधिकृत कब्जे को हटवाये जाने, कृष्णा नगर किशनी नि. आकाश चौहान ने नगर पंचायत द्वारा फर्जी तौर पर किसी अन्य फर्म के खाते में ट्रॉसफर की गयी धनराशि की जॉच कराकर दोषियों के विरूद्ध कार्यवाही कराने की मॉग अपने प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिसे संबंधित अधिकारियों को पृष्ठाकिंत कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी शिवम मिश्रा, उप जिलाधिकारी किशनी गोपाल शर्मा, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, परियोजना निदेशक शोभनाथ चौरसिया, उप कृषि निदेशक नरेंद्र कुमार त्रिपाठी, तहसीलदार किशनी घासीराम सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



