मैनपुरी(सुवि)पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने ट्रॉजिट हॉस्टल में जन-समस्याएं सुनने के दौरान कहा कि राजस्व नक्शे के आधार पर चकरोड, संपर्क मार्ग, विद्यालय, मरघट, तालाब आदि की भूमि की पैमाइश की जाए, राजस्व अभिलेखों में दर्ज सार्वजनिक भूमि कब्जामुक्त रहे, सभी मार्ग आमजन के आवागमन के लिए सुरक्षित रहें यदि कहीं भी चकमार्ग, चकरोड पर अनाधिकृत कब्जा हो तो तत्काल पैमाइश कराकर उस पर मिट्टी का कार्य कराया जाए। उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत से कहा कि जिन लोगों द्वारा विद्युत के नए कनेक्शन हेतु प्रार्थना पत्र दिए गए हैं, उन्हें नियमानुसार तत्काल विद्युत कनेक्शन स्वीकृत करें, उपभोक्ताओं को गर्मी में निर्वाध विद्युत की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति हो, खराब ट्रांसफार्मर निर्धारित समय-सीमा में बदले जाएं। उन्होंने जल-भराव से संबंधित शिकायतों पर कहा कि प्रत्येक ग्राम में जल-निकासी के बेहतर प्रबंध किए जाएं, वर्षा के दौरान कहीं भी जल-भराव की स्थिति उत्पन्न न हो, सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने महिला उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों पर क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक से कहा कि आज महिला उत्पीड़न से संबंधित जो भी शिकायतें प्राप्त हुई हैं, उनका जनपद के थानों से समन्वय स्थापित कर प्रत्येक दशा में अगले 02 दिन में निस्तारित कराना सुनिश्चित करें, महिलाओं-बालिकाओं का शोषण, उत्पीड़न करने वालों के विरुद्ध कठोरतम कार्यवाही की जाए।
पर्यटन मंत्री ने पेंशन योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने से संबंधित शिकायती प्रार्थना पत्र पर कहा कि जनपद का कोई भी पात्र वृद्ध, निराश्रित महिला, दिव्यांग पेंशन योजना का लाभ पाने से वंचित न रहे, पेंशन योजना का लाभ पाने से संबंधित कोई भी प्रार्थना पत्र किसी भी स्तर पर लंबित न रहे, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण में प्रत्येक आवासहीन पात्र व्यक्तियों को आवास योजना में लाभान्वित कराया जाए, पात्रों के चयन में मानकों, नियमों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होने कहा कि अधिकारी आमजन को मूल-भूत सुविधाओं की उपलब्धता के साथ उनकी समस्याओं का त्वरित निदान करें, किसी भी दबंग व्यक्ति द्वारा किसी का शोषण न किया जाये, कार्यालयों में आने वाले फरियादियों, आमजन के साथ बेहतर व्यवहार किया जाये, उनके बैठने, पीने हेतु पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाये।
आज जन-सुनवाई के दौरान ग्राम ईकरी नि. सुषमा देवी ने पति की दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने, फर्दखाना जीटी रोड कुरावली नि. दिनेश कुमार, सर्वेश कुमार ने नवीन विद्युत कनेक्शन स्वीकृत कराने, ग्राम जसरऊ नि. छोटेलाल ने पुत्र के इलाज हेतु सहायता राशि उपलब्ध कराने, ग्राम औड़ेन्य पड़रिया नि. वीरेन्द्र सिंह चौहान ने चक संख्या-2379 व 993 के लिए चकमार्ग बनवाने, नगला वदे नि. राम भरोसेलाल ने दबंगों द्वारा पुनः निहास खोद कर अवैध रूप से किये गये अतिक्रमण को हटवाये जाने, ग्राम त्रिलोकपुर नि. राधेश्याम ने विपक्षीगणों द्वारा शंकर जी के मंदिर की जगह पर किये जा रहे अवैध कब्जे को रोके जाने, ग्राम कुर्रा नि. अनीता देवी ने 40 वर्ष पुराने मकान को दबंग व्यक्तियों द्वारा तोड़ने से रोके जाने तथा बंद रास्ते को खुलवाने, ग्राम लखौरा नि. रेखापाल ने पुश्तैनी भूमि गाटा संख्या-1029 के पास में बचत गाटा संख्या-1030 पर दबंगों द्वारा कूड़ा डालकर अवैध कब्जा किये जाने, खरगजीत नगर नि. सत्येन्द्र चौहान, राकेश बाबू, पूजा, शिव प्रताप, अमित कुमार आदि ने मु. की गली के बीचों-बीच स्थित विद्युत पोल को स्थानान्तरित कराने, जसरऊ नि. आदेश कुमार ने विपक्षियों द्वारा आराजी पर कब्जा करने से रोके जाने के आदेश पारित करने, हरिनागरपुर नि. प्रहलाद सिंह ने गाटा संख्या-1015ख पर विपक्षीगणों को हस्तक्षेप से रोके जाने की मांग अपने शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिन्हे सम्बन्धित अधिकारियों को तत्काल गुणवत्तापरक निराकरण हेतु उपलब्ध कराया।
इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर अभिषेक कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली फतेह बहादुर सिंह, विद्युत विभाग से लालू जादौन के अलावा जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, अनुजेश प्रताप सिंह, अश्वनी कुमार पाण्डेय, उदय चौहान, सुमित चौहान, संजय चौहान, अर्जुन चौहान, सीमा चौहान, प्रवेश शर्मा आदि उपस्थित रहे।



