मैनपुरी(सुवि)पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री उ.प्र. शासन जयवीर सिंह ने रू. 117.72 लाख की लागत से मिढ़ावली स्थित प्राचीन एवं आस्था के प्रमुख केंद्र माता मंदिर के पर्यटन विकास एवं सौन्दर्यीकरण कार्य का लोकार्पण करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है, माता मंदिर मिढ़ावली क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां कराए गए विकास कार्यों से न केवल श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी बल्कि क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास और सुशासन के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित की है, प्रदेश में धार्मिक स्थलों के संरक्षण और विकास को प्राथमिकता देते हुए उन्हें आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है, अयोध्या, काशी, मथुरा, विंध्याचल, चित्रकूट और नैमिषारण्य जैसे धार्मिक स्थलों पर किए गए व्यापक विकास कार्यों ने प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाई है। उन्होने कहा कि वर्तमान सरकार की प्राथमिकता केवल भवनों और सड़कों का निर्माण ही नहीं बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए उसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना भी है, माता मंदिर में कराए गए कार्य इसी सोच का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि जब धार्मिक स्थल विकसित होते हैं तो स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ते हैं, व्यापार को प्रोत्साहन मिलता है तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।

पर्यटन मंत्री ने प्रदेश की कानून व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की स्थिति बिल्कुल अलग थी प्रदेश में अपराध, अराजकता, भू-माफियाओं का दबदबा और कानून व्यवस्था की चुनौतियां आम चर्चा का विषय थीं, जनता ने उस दौर को देखा और अनुभव किया, प्रदेश के लोगों ने बदलाव की आवश्यकता महसूस की और सुशासन के पक्ष में अपना जनादेश दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अपराध और माफिया तत्वों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई, परिणामस्वरूप प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और अपराधियों के मन में कानून का भय पैदा हुआ है, महिलाओं की सुरक्षा, व्यापारियों के हितों की रक्षा और आमजन को न्याय दिलाने के लिए सरकार ने अनेक प्रभावी कदम उठाए हैं। उन्होने कहा कि सुशासन और मजबूत कानून व्यवस्था का ही परिणाम है कि आज देश और दुनिया के बड़े निवेशक उत्तर प्रदेश में निवेश करने के लिए आगे आ रहे हैं, कभी जिन क्षेत्रों से उद्योग और व्यापारी पलायन करने को मजबूर थे, वहीं आज नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं, प्रदेश में निवेश बढ़ने से युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं और आर्थिक गतिविधियों में तेजी आई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश में सबसे तेज गति से विकसित होने वाले राज्यों में शामिल है, प्रदेश में आधुनिक सड़क नेटवर्क, एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज, औद्योगिक कॉरिडोर और अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया गया है, गंगा एक्सप्रेस-वे, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे जैसी परियोजनाओं ने प्रदेश की तस्वीर बदलने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक पहुंचने में लंबा समय लगता था लेकिन आज बेहतर कनेक्टिविटी के कारण आवागमन आसान और सुविधाजनक हो गया है, इससे व्यापार, पर्यटन और निवेश को भी नई गति मिली है, प्रदेश के विकास में आधारभूत संरचना की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और सरकार इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक विकास का लाभ पहुंचाना है, किसानों, युवाओं, महिलाओं, गरीबों और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश का सपना तभी साकार होगा जब समाज का प्रत्येक वर्ग विकास यात्रा में सहभागी बने। उन्होने कहा कि सरकार बिना किसी भेद-भाव के सभी वर्गों के लिए कार्य कर रही है और प्रदेश को देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होने कहा कि सनातन संस्कृति भारत की आत्मा है और हमारी सांस्कृतिक विरासत हमारी सबसे बड़ी ताकत है, मंदिर, तीर्थ स्थल और धार्मिक धरोहरें केवल पूजा-अर्चना के केंद्र नहीं हैं, बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय एकता के भी प्रतीक हैं, इसलिए इन स्थलों का संरक्षण और विकास समय की आवश्यकता है।

इस दौरान जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, उदय चौहान, अमित गुप्ता, पंकज भदौरिया, गौरव यादव, विकास चौहान, गिरजानन्दन शाक्य, शिवनाथ सिंह चौहान, बलवीर सिंह चौहान, धर्मेन्द्र सिंह चौहान, लज्जाराम दिवाकर, धर्मवीर सिंह चौहान, रामगोपाल चौहान, बलवीर सिंह, ग्राम प्रधान सौरभ सोलंकी, मुनेन्द्र राठौर, मनोज राठौर, प्रदीप वर्मा, रामचरण कश्यप, मंडल अध्यक्ष हरिओम वर्मा, पियूष चन्देल, गौरव शाक्य सहित अन्य जन-प्रतिनिधयों, पार्टी पदाधिकारियों के अलावा क्षेत्राधिकारी कुरावली सच्चिदानन्द, कार्यदायी संस्था के जी.एम., पर्यटन अधिकारी आदि उपस्थित रहे, कार्यक्रम का संचालन सतीश मधुप ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here