मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में उपस्थित विभिन्न समुदाय के धर्मगुरुओं, मुतवल्लियों, गणमान्य व्यक्तियों से कहा कि जनपद की गौरवमयी परंपरा बेमिसाल है, यहां के लोगों ने अनुकरणीय उदाहरण पेश किये है, सभी समुदाय के लोग आपस में एक दूसरे का सम्मान कर धार्मिक त्यौहारों को अपासी मेल-जोल के साथ मानते हैं। उन्होंने आव्हान करते हुए कहा कि आगे भी आने वाले त्यौहारों को आपस में मिलजुल कर मनाएं और अपनी गौरवमयी परंपरा को कायम रखें, किसी भी धार्मिक त्यौहार में कोई नई परंपरा न डालें, ऐसा कोई कृत्य न करें जिससे किसी की धार्मिक भावना आहत हो। उन्होने कहा कि त्यौहारों के दौरान जिला प्रशासन पर्याप्त सुविधा, सुरक्षा मुहैया कराने हेतु कटिबद्ध है, किसी को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होने दी जायेगी, आप सब आपस में मिलकर सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्यौहार मनायें। उन्होने कहा कि निर्धारित स्थानों पर कुर्बानी करें, नालियों में अवशेष न बहाएं यदि किसी ने नई परंपरा डालने का प्रयास किया तो उसके विरुद्ध कठोर कार्यवाही होगी। उन्होंने कहा कि सभी पर्व समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और प्रशासन का उद्देश्य रहता है कि प्रत्येक नागरिक अपने त्योहार को पूरी आस्था, श्रद्धा एवं सुरक्षा के साथ मना सके। उन्होने कहा कि ईद-उल-जुहा एवं गंगा दशहरा को देखते हुए सभी संबंधित विभाग पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न होने पाए। उन्होंने कहा कि कुर्बानी के अवशेषों का वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित ढंग से निस्तारण अत्यंत आवश्यक है, इसके लिए नगर पंचायतों, नगर पालिकाओं में अलग से गड्ढे खुदवाए जाएं तथा विशेष डस्टबिन एवं वाहन लगाए जाएं, सामान्य कूड़ा एकत्र करने वाली गाड़ियों में कुर्बानी के अवशेष न डाले जाएं, क्योंकि इससे स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होती है और कई बार धार्मिक संवेदनाओं से जुड़े विवाद भी उत्पन्न हो सकते हैं।

IMG 20260523 WA0023

श्री त्रिपाठी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को आदेशित करते हुए कहा कि त्यौहारों के दौरान निर्वाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करें, किसी भी दशा में अकारण रोस्टिंग न की जाये, बकरीद की नमाज अदा होने वाली मस्जिदों, ईदगाहों के आस-पास विद्युत के तार, पोल व्यवस्थित रहें। उन्होंने अधिशाषी अधिकारी नगर निकाय को निर्देशित करते हुए कहा कि त्यौहारों के दृष्टिगत विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें, जलापूर्ति के साथ-साथ स्ट्रीट लाइटों का विशेष ध्यान रखा जाए, नमाज अदा करने वाले स्थानों पर पानी के टैंकर की व्यवस्था रहे, ईदगाह, मस्जिदों के आस-पास नगर निकाय के कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी जाए ताकि कोई भी आवारा जानवर प्रवेश न कर सके। उन्होंने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका से कहा कि ईदगाह वाले मार्गों पर यदि मरम्मत की आवश्यकता हो तो तत्काल ठीक करायें, आवागमन में किसी को असुविधा के सामना न करना पड़े। उन्होने विद्युत विभाग के अभियंताओं से कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों, जन-प्रतिनिधियों, आमजन के फोन रिसीव करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं, यदि जनता को समय रहते जानकारी मिल जाएगी कि फीडर ओवरलोड है या फाल्ट ठीक किया जा रहा है, तो लोग सहयोग करेंगे और अनावश्यक तनाव की स्थिति नहीं बनेगी। उन्होंने कहा कि बिजली संबंधी छोटी समस्याएं कई बार कानून व्यवस्था की स्थिति में भी बदल जाती हैं, इसलिए विभाग को पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।

पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा ने कहा कि जनपद में सभी त्योहार हमेशा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होते रहे हैं और प्रशासन को विश्वास है कि इस बार भी सभी लोग मिलजुलकर पर्व मनाएंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क, सक्रिय है, सभी थाना प्रभारियों, क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने तथा स्थानीय लोगों के साथ संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होने कहा कि त्योहारों के दौरान सबसे बड़ी चुनौती अफवाहों, भ्रामक सूचनाओं की होती है, सोशल मीडिया पर कई बार पुरानी अथवा दूसरे स्थानों की घटनाओं को गलत तरीके से प्रसारित कर माहौल खराब करने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी सूचना पर तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय उसकी सत्यता की पुष्टि अवश्य करें, यदि कोई संदिग्ध सूचना प्राप्त होती है तो तत्काल पुलिस प्रशासन को अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि जनपद का सोशल मीडिया सेल पूरी तरह सक्रिय है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि शासन की गाइडलाइन के अनुसार सार्वजनिक स्थलों एवं सड़कों पर नमाज अदा नहीं की जाएगी तथा सभी धार्मिक कार्यक्रम निर्धारित स्थलों पर ही आयोजित होंगे। उन्होने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन इसमें समाज के सम्मानित नागरिकों एवं पीस कमेटी के सदस्यों की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

बैठक के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए मौलवियों, धर्मगुरुओं एवं पीस कमेटी के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि विगत् वर्षों से जनपद में आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ त्योहार मनाए जाते रहे हैं और आगे भी यह परंपरा कायम रहेगी। कई वक्ताओं ने प्रशासन द्वारा समय रहते बैठक आयोजित करने एवं व्यवस्थाओं को लेकर गंभीरता दिखाने की सराहना की। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शहरी, ग्रामीण अरूण कुमार, अभिषेक तिवारी, उप जिलाधिकारी सदर, करहल, किशनी, कुरावली, घिरोर, अभिषेक कुमार, सुनिष्ठा सिंह, गोपाल शर्मा, शिव नरेश, अंजली सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर, करहल, संतोष कुमार, अजय सिंह चौहान, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल वर्मा, मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. धर्मेन्द्र, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण ए.के. अरूण, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी शिवम यादव, जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्रा, अधिशाषी अभियंता जल निगम अंकित कुमार, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका बुद्धि प्रकाश सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारियांे के अलावा विभिन्न समुदाय के धर्मगुरू, गणमान्य व्यक्ति आदि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here