मैनपुरी(सुवि)जनपद में गैस रिफिल एवं पेट्रोल-डीजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने संबंधित अधिकारियों, गैस एजेंसी, पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित करते हुए कहा कि आमजन को समयबद्ध, पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध करायी जायें, सभी उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी समय से हो ताकि उन्हें एजेंसियों के गोदाम, कार्यालय के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि होम डिलीवरी व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही, अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा, शिकायत मिलने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई उपभोक्ता विशेष परिस्थिति में स्वयं गोदाम से गैस सिलेंडर प्राप्त करता है तो नियमानुसार होम डिलीवरी शुल्क वापस किया जाए, उपभोक्ताओं के साथ किसी भी प्रकार का आर्थिक शोषण न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाये, गैस कंपनियों के अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है जिस पर उन्होने गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों, गैस एजेंसी स्वामियों को निर्देश दिए कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कमर्शियल गैस कनेक्शन के उपयोग को बढ़ावा दिया जाए तथा घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर प्रभावी रोक लगाई जाए।

श्री त्रिपाठी ने पेट्रोल पंप संचालकों से कहा कि जनपद के किसी भी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल एवं डीजल की कमी की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए, सभी रिटेल आउटलेट्स पर नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी स्थिति में पंप ड्राई न होने पाए, भीषण गर्मी के दृष्टिगत् पेट्रोल पंपों, गैस एजेंसियों पर आमजन के लिए शुद्ध पेयजल, शौचालय एवं छाया की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये, उपभोक्ताआंे को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना संबंधित संचालकों की जिम्मेदारी है। उन्होने कहा कि प्लास्टिक की कैन, बोतल अथवा अन्य असुरक्षित माध्यमों में पेट्रोल, डीजल का वितरण पूरी तरह प्रतिबंधित है, सभी संचालक शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें। उन्होने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि जिला मुख्यालय से लेकर तहसील, ब्लॉक, ग्राम स्तर पर संचालित गैस एजेंसियों, पेट्रोल पंपों की नियमित निगरानी की जाए तथा उपभोक्ताओं से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्रा, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी जाकिर हुसैन, गैस कंपनियों के सेल्स अधिकारी, विक्रय अधिकारी एल.पी.जी., गैस एजेंसी, रिटेल आउटलेट संचालक सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here