मैनपुरी(सुवि) जन-सुनवाई के दौरान विकास खंड जागीर के ग्राम मलिखानपुर नि. किशन सिंह, विनोद कुमार, दुष्यन्त सिंह, गोरेलाल के साथ लगभग 20 बच्चों ने जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी से मिल अपनी व्यथा सुनाई, बच्चों ने जिलाधिकारी को बताया कि वह विद्यालय में पढ़ाई करना चाहते हैं लेकिन संबंधित विद्यालय के शिक्षकों द्वारा उनका नामांकन नहीं किया जा रहा है, बच्चों ने बताया कि कई बार विद्यालय जाने, संपर्क करने के बावजूद उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया, कक्षा-8 की छात्रा ने बताया कि विद्यालय से लगातार स्थानांतरण प्रमाण पत्र मांगने के बाद भी उसे टी.सी. उपलब्ध नहीं कराई जा रही है, छात्रा ने कहा कि टी.सी. न मिलने के कारण वह दूसरे विद्यालय में प्रवेश नहीं ले पा रही है, जिससे उसकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है, बच्चों की समस्या को जिलाधिकारी ने अत्यंत गंभीरता से लेते हुए जिला बेसिक शिक्षाधिकारी, खंड शिक्षाधिकारी जागीर को दूरभाष पर निर्देशित किया कि तत्काल विद्यालय पहुंचकर सभी बच्चों का नामांकन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि किसी भी शिक्षक, विद्यालय कर्मी द्वारा नामांकन प्रक्रिया में किसी प्रकार का अवरोध उत्पन्न किया जाये या बच्चों को शिक्षा से वंचित करने का प्रयास किया जाये तो संबंधित के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है और किसी भी परिस्थिति में बच्चों को शिक्षा से वंचित नहीं किया जा सकता। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुनिश्चित किया जाए कि जनपद के प्रत्येक पात्र बच्चे को विद्यालय में प्रवेश मिले तथा उन्हें शासन द्वारा संचालित सभी शैक्षिक सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी बच्चा विद्यालय से बाहर न रहे इसके लिए शिक्षा विभाग पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करे, बच्चों एवं अभिभावकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होने निर्देश दिए कि मामले की जांच कर विस्तृत आख्या उपलब्ध कराई जाए यदि लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने विद्यालय पहुंच अर्पित, लक्ष्मी, करीना, रिया, अभी, सलौनी, प्रियंका, महक, आदिल का कक्षा-01 मेें, नीतेश कुमार, मानवी, राधिका का कक्षा-02 में, देवकी का कक्षा-04 में, प्रशांत का कक्षा-05 में एवं शिवा का कक्षा-07 में नामाकंन कराकर प्रवेश दिलाया। जिलाधिकारी की संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्यवाही से बच्चों एवं उनके परिजनों में संतोष दिखाई दिया, बच्चों ने जिलाधिकारी का धन्यवाद देते हुए कहा कि अब उनकी पढ़ाई सुचारु रूप से प्रारंभ हो सकेगी।



