मैनपुरी: जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने ईंधन की बचत, सरकारी संसाधनों के समुचित उपयोग तथा प्रशासनिक कार्यों को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जनपद के समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों, विभागाध्यक्षों को अनावश्यक वाहन उपयोग एवं अनावश्यक भ्रमण को न्यूनतम रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ऊर्जा संरक्षण केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण एवं प्रशासनिक जिम्मेदारी का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है, ऐसे में सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को सरकारी संसाधनों का उपयोग अत्यंत जिम्मेदारी एवं आवश्यकता के अनुसार करना चाहिए। उन्होने कहा कि कई विभागों में अनावश्यक भ्रमण एवं वाहन उपयोग को बेहतर समन्वय एवं योजनाबद्ध तरीके से कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विभागीय बैठकों, समीक्षा, कार्यों एवं अन्य प्रशासनिक गतिविधियों को यथासंभव डिजिटल माध्यमों एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संपादित किया जाए, जिससे अनावश्यक आवागमन में कमी लाई जा सके, तकनीकी संसाधनों के बेहतर प्रयोग से समय की बचत के साथ-साथ ईंधन की भी पर्याप्त बचत संभव होगी।

श्री त्रिपाठी ने सप्ताह में 01 दिन विशेष रूप से फील्ड जॉब एवं फील्ड विजिट हेतु निर्धारित करने का निर्णय लेते हुए बृहस्पतिवार को फील्ड कार्यों के लिए तय किया गया ताकि विभिन्न विभाग अपने निरीक्षण, स्थलीय कार्यों को एक निर्धारित दिन में समन्वित ढंग से संपादित कर सकें। उन्होंने कहा कि इससे अनावश्यक दैनिक आवागमन में कमी आएगी तथा प्रशासनिक कार्यों में अधिक दक्षता सुनिश्चित होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह व्यवस्था आपातकालीन सेवाओं से जुड़े विभागों, जैसे नगर पालिका, पुलिस, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं पर बाध्यकारी रूप से लागू नहीं होगी, ऐसे विभाग अपनी आवश्यकता एवं परिस्थितियों के अनुसार पूर्ववत् कार्य करते रहेंगे ताकि जनहित से जुड़े कार्य किसी भी स्थिति में प्रभावित न हों। उन्होने अधिकारियों, कर्मचारियों से कहा कि यदि कार्यालय एवं आवास निकट हैं, तो कार्यालय तक पैदल आवागमन करें अथवा सीमित वाहन उपयोग को अपनाएं। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर बड़े स्तर पर सकारात्मक परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं, इससे न केवल ईंधन की बचत होगी बल्कि पर्यावरण प्रदूषण एवं यातायात दबाव में भी कमी आएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि यदि एक ही कॉलोनी अथवा क्षेत्र में निवास करने वाले कई अधिकारियों को समान दिशा अथवा एक ही कार्यालय जाना हो, तो वह एक ही वाहन का सामूहिक उपयोग कर सकते हैं, इससे वाहन उपयोग में कमी आएगी तथा ईंधन की बचत सुनिश्चित होगी। उन्होने उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अपने एस्कॉर्ट वाहन को भी हटा दिया है ताकि ईंधन बचत, संसाधनों के जिम्मेदारी से उपयोग का सकारात्मक संदेश प्रशासनिक तंत्र एवं आमजन तक पहुंच सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here