मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने आज अचानक तहसील किशनी पहुंच लिंक एक्सप्रेस-वे हेतु क्रय की जा रही भूमि की ग्रामवार समीक्षा करते हुए उप जिलाधिकारी किशनी को निर्देशित करते हुए कहा कि बैनामों की प्रगति सुधारें, कार्यालय स्टाफ के साथ बैनामा लेखकों का सहयोग लेकर सभी गांव के बैनामें जल्द से जल्द तैयार किए जाएं, अब तक जिन व्यक्तियों द्वारा लिंक एक्सप्रेस-वे के पक्ष में बैनामें किए गए हैं, उनके 01 सप्ताह में प्रत्येक दशा में भुगतान किए जाएं, जानकारी करने पर उप जिलाधिकारी ने बताया कि तहसील किशनी क्षेत्र के 15 गांव में लिंक एक्सप्रेस-वे हेतु 217 हे. भूमि क्रय की जानी है, जिसके सापेक्ष अब तक 80 हे. भूमि के बैनामे लिंक एक्सप्रेस-वे के पक्ष में किये जा चुके हैं। उन्होंने तहसील में उपस्थित लोगों से संवाद करने पर अहमलपुर नि. प्रवीण पांडेय, अरविंद पांडेय ने बताया कि उनके नाम खतौनी में गलत दर्ज है, जिन ग्रामों में लिंक एक्सप्रेस-वे हेतु बैनामें होने हैं, उनमें से कुछ गाटों में लोगों के नाम गलत अंकित है, जिस पर उन्होंने उप जिलाधिकारी को आदेशित करते हुए कहा कि लेखपालों के माध्यम से जिन लोगों के नाम गलत दर्ज है, के अभिलेख एकत्र कर अगले 02 दिन में नाम दुरूस्तीकरण कराना सुनिश्चित करें, नगला रठेह नि. रत्नेश कुमार ने बताया कि उसकी भूमि का भी बैनामा होना है लेकिन लेखपाल राजेंद्र सिंह द्वारा पैसा लेने के बाद भी बैनामा नहीं कराया जा रहा है, जिस पर उन्होंने उप जिलाधिकारी को आदेशित करते हुए कहा कि मौके पर ही शिकायतकर्ता के बयान दर्ज कर दोषी लेखपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें, उसके स्थान पर दूसरे लेखपाल की तैनाती कर गांव रठेह के लोगों से तत्काल बैनामें कराए जाएं, पृथ्वीपुर नि. प्रशांत कुमार ने बताया कि विगत 02 माह से जन्म प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहा है, जिस पर उन्होंने आज ही जन्म प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
श्री त्रिपाठी ने तहसील किशनी के गांवों में भूमि क्रय, बैनामा, दर संशोधन, पुनर्गठन, किसानों की आपत्तियों के निस्तारण एवं लंबित प्रकरणों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए ग्रामवार माइक्रो-प्लान तैयार कर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होने पाया कि ग्राम तरिहा में 47 हे. के सापेक्ष अब तक 09 हे., ख्वाजापुर में 9.79 हे. के सापेक्ष 9.31 हे., टोडरपुर में 12.97 हे. के सापेक्ष 4.21 हे, अहमलपुर में 12.5 हे. के सापेक्ष 3.39 हे., नगला कले में 10.6 हे. के सापेक्ष 5.78 हे., नगला गवे में 4.53 हे. के सापेक्ष 3.37 हे., नगला पाण्डेय में 12.76 हे. के सापेक्ष 6.77 हे., कैथपुर में 15.7 हे. के सापेक्ष 3.99 हे., रठेह में 25.27 हे. के सापेक्ष 13.86 हे., सिंहपुर में 17.55 हे. के सापेक्ष शून्य हे., महोली समसेरगंज में 29.56 हे. के सापेक्ष 15.20 हे. भूमि के बैनामे हो चुके हैं, जिस पर उन्होने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि सिंहपुरा, अहमलपुर, तरिहा, टोडरपुर, रठेह, महोली समसेरगंज में बैनामों की प्रगति काफी खराब है, इन क्षेत्रों में लेखपालों की टीम लगाकर बैनामों की प्रगति सुधारी जाये। समीक्षा के दौरान उप जिलाधिकारी ने बताया कि कुछ किसानों द्वारा लिंक रोड एवं भूमि श्रेणी निर्धारण को लेकर आपत्तियां दर्ज कराई गई थीं, पुनरीक्षण के बाद कई मामलों में संशोधित दरें लागू की गई हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देशित करते हुए कहा कि सभी गांवों में सुबह से ही क्षेत्र भ्रमण कर किसानों से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित किये जाएं, कार्यालय स्तर पर बैठकर कार्य करने से लक्ष्य पूरे नहीं होंगे, प्रत्येक गांव में मोबाइल नंबर आधारित संपर्क सूची तैयार की जाए, प्रतिदिन किसानों को सूचना देकर बैनामा प्रक्रिया में शामिल किया जाए। उन्होंने उपस्थित लोगों से कहा कि लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए सभी को निर्धारित सर्किल दर के अनुसार तत्काल आर.टी.जी.एस. के माध्यम से भुगतान उपलब्ध कराया जाएगा, कोई भी व्यक्ति किसी के बहकावे में न आए, किसी को पैसा न दंे यदि किसी के द्वारा अवैध रूप से धनराशि की मांग की जाए तो संज्ञान में लाएं, दोषी के विरुद्ध कठोरतम कार्यवाही होगी। उन्होंने कहा कि यदि लिंक एक्सप्रेस-वे के बेनामों में किसी भी व्यक्ति द्वारा किसी को घूस दी गई, तो ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध भी प्राथमिक की दर्ज कराई जाएगी।
इस दौरान उप जिलाधिकारी किशनी गोपाल शर्मा, नायब तहसीलदार पुष्पेंद्र सिंह, सब रजिस्ट्रार मित्रपाल, आई.जी.आर.एस. प्रभारी अनुज कुमार, रजिस्ट्रार कानूनगो आदि उपस्थित रहे।



