मैनपुरी(सुवि)मा. सभापति अशोक अग्रवाल के सभापतित्व में उत्तर प्रदेश विधान परिषद की ’’याचिका समिति’’ की समीक्षा बैठक में जनपद से सम्बन्धित विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, विकास कार्यों, ग्रामीण आधार-भूत सुविधाओं, सड़क निर्माण, विद्युतीकरण, स्वास्थ्य सेवाओं, समाज कल्याण की विभिन्न योजनाओं, आयुष्मान कार्ड, संचारी रोग नियंत्रण अभियान, ग्राम चौपालों एवं पंचायत संबंधी विषयों पर विस्तार से समीक्षा करते हुऐ कहा कि आमजन को मूल-भूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करायी जाये, पात्र व्यक्तियों के कैंप लगाकर आयुष्मान कार्ड बनवाये जायंे, शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक साफ-सफाई के मुकम्मल इंतजाम किये जायें, नालियों की सफाई के तत्काल बाद सिल्ट, कूड़ा उठान कराया जाये, नियमित रूप से फॉगिंग, एंटी-लार्वा का छिड़काव कराया जाये। समिति के सभापति ने कहा कि विधान परिषद की याचिका एवं आश्वासन समिति प्रदेश भर में भ्रमण कर जनता से जुड़े विषयों की समीक्षा कर रही है तथा सरकार एवं विभागों द्वारा दिए गए आश्वासनों के अनुपालन की स्थिति का परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समिति “मिनी सदन” के रूप में कार्य करती है, जहां जन-प्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं, जनता की याचिकाओं और विकास कार्यों की प्रगति पर गंभीरतापूर्वक विचार-विमर्श किया जाता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि समिति के समक्ष प्रस्तुत किए जाने वाले सभी तथ्य पूर्णतः प्रमाणिक, साक्ष्य आधारित एवं सत्य होने चाहिए क्योंकि समिति के समक्ष दी गई जानकारी अभिलेख का हिस्सा बनती है।

IMG 20260510 WA0003

बैठक में ग्राम नगला धाम के समीप दो ग्राम पंचायतों को जोड़ने वाले लगभग 700 मीटर सी.सी. रोड निर्माण, ग्राम नगला धाम, ऊंचा इस्लामाबाद क्षेत्र में बारात घर निर्माण, विकास खंड किशनी के ग्राम कुतुबपुर में साधन सहकारी समिति से होते हुए शमशेरगंज मार्ग तक सड़क निर्माण ग्राम भोरा एवं ढकपुरा में विद्युतीकरण कार्यों पर चर्चा हुई, विद्युत विभाग से संबंधित मामलों की समीक्षा के दौरान विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पं. दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के अंतर्गत गांवों में विद्युतीकरण कराया जा चुका है, उक्त ग्रामों मंे ट्रांसफॉर्मर एवं विद्युत लाइनें स्थापित हैं, समिति ने अधिशाषी अभियंता विद्युत से संबंधित कार्यों के अभिलेखीय प्रमाण प्रस्तुत करने, संबंधित ग्रामवासियों से संतुष्टि प्रमाण पत्र प्राप्त कर समिति को उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिये, गीतापुर कॉलोनी क्षेत्र में रिसाइक्लिंग कार्य से उत्पन्न प्रदूषण की समस्या के सम्बन्ध में अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका ने बताया कि कचरा निस्तारण हेतु मशीन स्थापित कर दी गई है, शीघ्र ही नियमित संचालन प्रारंभ किया जाएगा। समिति ने निर्देश दिए कि तब तक प्रदूषण नियंत्रण के अस्थायी उपाय किए जाएं तथा आस-पास रहने वाले नागरिकों को होने वाली समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए।

याचिका समिति द्वारा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की समीक्षा केे दौरान पाया कि 452 लक्ष्य के सापेक्ष गत वित्तीय वर्ष में 451 गरीब परिवारों की बेटियों की शादी करायी गयी, जनपद में 40191 निराश्रित महिलाओें को निराश्रित महिला पेंशन उपलब्ध करायी जा रही है, 300 प्रार्थना पत्र स्वीकृति हेतु लंबित हैं, जिस पर उन्होने शेष लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारित कर पात्रों को पेंशन स्वीकृत करने के निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं का लाभ पाने से वंचित न रहे, आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत बनाए गए गोल्डन कार्डों की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि विशेष रूप से 70 वर्ष से अधिक आयु के लाभार्थियों के कार्ड शीघ्र बनाए जाएं, समिति ने ग्रामीण चौपालों के आयोजनों की जानकारी करने पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि विभिन्न ग्राम पंचायतों में नियमित चौपाल आयोजित की जा रही हैं, जहां ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है, समिति ने निर्देश दिए कि चौपालों में जन-प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा स्वास्थ्य, टीबी जांच, पेयजल, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं एवं अन्य जन-कल्याणकारी कार्यक्रमों को चौपालों से जोड़ा जाए, गांव स्तर पर आयोजित शिविरों, चौपालों के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जाये, ऑपरेशन कायाकल्प में सभी विद्यालयों को 19 पैरामीटर से संतृप्त किया जाये, जानकारी करने पर जिला बेसिक शिक्षाधिकारी ने बताया कि जनपद के समस्त विद्यालय 16 पैरामीटर, 95 प्रतिशत विद्यालय 19 पैरामीटर से संतृत्प हो चुके हैं, सभी विद्यालयों में पेयजल, शौचालय, रैंप, रेलिंग एवं अन्य मूल-भूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा चुकी है।

जिलाधिकारी डॉ. इंन्द्रमणि त्रिपाठी ने समिति को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन विषयों में स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी है, उनकी स्वयं जांच कराकर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी, समिति द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में सभी विभागों से समन्वय स्थापित कर समयबद्ध कार्यवाही की जाएगी तथा प्रगति से समिति को अवगत कराया जाएगा।

इस दौरान सदस्य विधान परिषद मुकुल यादव, ऋषिपाल सिंह, डॉ. आकाश अग्रवाल, अनु सचिव, समिति अधिकारी रमेन्द्र भाई पटेल, समीक्षा अधिकारी सौरभ सिंह, प्रतिवेदक बृजेश यादव, निजी सचिव सर्वेश चन्द्र गुप्ता के अलावा जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी शिवम मिश्रा, अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनंद, परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए. सत्येंद्र सिंह, उपायुक्त एन.आर.एल.एम. शौकत अली, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, वरिष्ठ कोषाधिकारी मनोज यादव, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अरुण कुमार शुक्ला, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश, कुमार जिला पंचायत राज अधिकारी अवधेश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here