मैनपुरी(सुवि(जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा के साथ थाना दिवस के मौके पर थाना एलाऊ में जन-शिकायत सुनने के दौरान राजस्व निरीक्षकों, लेखपालों को निर्देशित करते हुए कहा कि आज जो भी शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए हैं, उन पर 02-02 लेखपाल, पुलिस कांस्टेबल, उप निरीक्षक, राजस्व निरीक्षक की लिखित में टीम गठित कर दी गई है, थाना दिवस के उपरांत संबंधित टीमें अपने-अपने क्षेत्र में जाकर शिकायतों का प्रभावी निराकरण करें, मौके पर दोनों पक्षों से कृत कार्यवाही पर हस्ताक्षर करायें यदि किसी के द्वारा समस्या के निस्तारण के दौरान विध्न, व्यवधान डालने की कोशिश की जाए तो उन्हें भारी मुचलकों में पाबंद कराया जाए, थाने पर वापस आने पर कृत कार्यवाही का अंकन जी.डी. में दर्ज किया जाए, ग्राम सभा की जो भी भूमि मौके पर खाली करायी जाए उसे तत्काल विद्यालय, आंगनबाडी केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र, चारागाह के रूप में आरक्षित कर खतौनी में अंकित किया जाए।

जनसुनवाई के दौरान जब मंजू देवी नि. जागीर ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि उसके देवर द्वारा पैतृक भूमि से हिस्सा नहीं दिया जा रहा है, शिकायतकर्ता ने बताया कि वह गांव में नहीं रहते है, गांव में आने पर देवर, उनके परिजनों द्वारा अभद्र व्यवहार किया जाता है, जिस पर उन्होंने क्षेत्रीय लेखपाल से तत्काल दूसरे पक्ष को बुलाकर जानकारी की, जानकारी करने पर पाया कि वह पिता की पैतृक भूमि से हिस्सा देने को तैयार है लेकिन जेठानी द्वारा ज्यादा हिस्से की मांग की जा रही है, जिस पर उन्होंने दोनों पक्षों की बात सुन मौके पर ही देवरानी, जेठानी को गले मिलाया, भतीजे से चाचा के पैर छुवाकर मौके पर ही दोनों की सहमति से भूमि की पैमाईश कराकर एक तिहाई-एक तिहाई भाग उपलब्ध कराने के निर्देश क्षेत्रीय लेखपाल को देते हुए कहा कि आज ही गठित टीम के साथ मौके पर जाकर तीनों भाइयों को भूमि चिन्हित कराकर उपलब्ध करायें, सभी पक्षों ने खुशी-खुशी जिलाधिकारी के फैसले का स्वागत किया। नवादा नि. शान्ति स्वरूप ने अपने प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि गाटा संख्या-459 में .105 है. पर पट्टा आवंटित हुआ था, पट्टे की कई बार पैमाइश भी की जा चुकी है लेकिन विपक्षीगण कब्जा नहीं करने देते, शिकायतकर्ता ने आवंटित पट्टे की पैमाइश कराकर दखल दिलाये जाने की मांग की, जिस पर उन्होंने राजस्व निरीक्षक, उप निरीक्षक के नेतृत्व में लेखपाल नीरज, अनूप एवं 02 आरक्षियों की टीम गठित कर आज ही मौके पर जाकर आवंटित पट्टे पर आवंटी को कब्जा दिलाए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि कहीं भी पट्टों पर अनाधिकृत कब्जा न हो, पट्टों पर अनाधिकृत कब्जा करने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही की जाए।

ग्राम नवादा नि. सत्यवीर ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि वर्षों पुराने खड़ंजे पर अवधेश यादव, राम लखन यादव, जितेंद्र यादव ने दीवार खड़ी कर मार्ग अवरुद्ध कर दिया है, जिस पर उन्होंने थानाध्यक्ष के माध्यम से दूसरे पक्ष को मौके पर बुलाकर दोनों पक्षों के सामने जानकारी की तो संज्ञान में आया कि उक्त रास्ता उसके घर के बीच में से निकला हुआ है, जो लगभग डेढ़ फीट का ह,ै राजस्व नक्शे में खडंजा दर्ज नहीं है और वह अपने मकान के बराबर से 3 फीट का रास्ता देने को तैयार है, जिस पर उन्होंने दोनों पक्षों से संवाद कर मौके पर ही समस्या का निदान करते हुए राम लखन यादव से कहा कि मकान के बराबर 03 फीट रास्ते पर अपने खर्चे पर खड़ंजा लगवाएं, शेष मार्ग पर सचिव तत्काल राज्य वित्त, 15 वित्त आयोग से खडंजा निर्माण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने मौके पर ही राजस्व निरीक्षक, उप निरीक्षक के साथ दो-दो लेखपाल की टीम गठित कर मौके से ही भेज कर लंबे समय से चकरोड की समस्या का निदान कराया तो दोनों पक्षों ने संतुष्टि व्यक्त की।

चडरऊआ नि. सनीकेत ने गाटा संख्या 2124 पर सोबरन सिंह द्वारा किए गए अवैध कब्जे को हटाने, हरचंदपुर नि. हरेंद्र सिंह ने पैतृक भूमि पर विरोधियों द्वारा ढैंचा की बुवाई कर कब्जा करने, ब्योति कला नि. गिरीश चंद्र शाक्य एड. ने खेत पर विपक्षियों द्वारा किए गए अवैध कब्जे को हटाने, नगला उदी नि. भारत सिंह ने गाटा संख्या 1117 की पैमाइश कराकर कब्जा दिलाने, ग्राम मलिखानपुर नि. सचिन कुमार ने चकरोड़ पर किए गए अवैध कब्जे को हटवाने, दलपुरा नि. प्रवीण कुमार ने गाटा संख्या-108, 347 ख की पैमाईश कराकर कब्जा दिलाने की मांग अपने शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, प्राप्त सभी शिकायती पत्रों पर मौके से ही टीम गठित कर आज ही निस्तारण हेतु उपलब्ध कराया। इस दौरान थानाध्यक्ष एलाऊ, राजस्व निरीक्षण, लेखपाल आदि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here