मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी डॉ इन्द्रमणि त्रिपाठी ने फर्रूखाबाद लिंक एक्सप्रेस-वे हेतु भूमि अधिग्रहण के संबंध में यूपीडा, तहसील भोगांव, किशनी के उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों, क्षेत्रीय लेखपालों, राजस्व निरीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक में असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि लिंक एक्सप्रेस-वे हेतु भूमि अधिग्रहण की प्रगति काफी निराशाजनक है, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं जिन ग्रामों में एक्सप्रेस-वे हेतु भूमि अधिग्रहण की जानी है, उन ग्रामों के लेखपाल अपने-अपने क्षेत्र के किसानों से संवाद कर बैनामों की प्रगति सुधारें, यदि कहीं कोई अवरोध हो तो उप जिलाधिकारी स्वयं मौके पर जाकर किसानों से संवाद करें, अगले एक सप्ताह में अधिक से अधिक बैनामें करायें जाए। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की भूमि अधिग्रहण की जाए और उनके द्वारा बैनामे कर दिए जाएं तो उन्हें तत्काल सर्किल रेट के अनुसार धनराशि का भुगतान सुनिश्चित कराया जाए, बैनामें के उपरांत किसी भी दशा में भुगतान में विलंब न किया जाए। उन्होंने क्षेत्रीय लेखपालों से कहा कि अपने-अपने गांव के उन व्यक्तियों, जिनसे लिंक एक्सप्रेस-वे हेतु भूमि क्रय की जानी है, से संवाद करें यदि उनकी कोई समस्या हो तो उसका समाधान अपने स्तर से करने के प्रयास करें, यदि आपके स्तर से समाधान संभव न हो तो उप जिलाधिकारी के संज्ञान में लाएं, यदि किसी व्यक्ति का नाम खतौनी में गलत दर्ज हैं, तो उनके नाम गांव में ही कैंप लगाकर उनसे साक्ष्य प्राप्त कर तत्काल ठीक कराए जाएं ताकि बैनामा करते समय किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने समीक्षा के दौरान पाया कि तहसील किशनी के 15 ग्रामों में 217 हेक्टेयर भूमि क्रय की जानी है, जिसके सापेक्ष अब तक मात्र 62 हेक्टेयर भूमि के ही बैनामें लिंक एक्सप्रेस-वे हेतु किए गए हैं, तहसील भोगांव के 12 ग्रामों में कुल 141 हेक्टेयर भूमि के सापेक्ष मात्र 47 हेक्टेयर भूमि के ही बैनामें हुए है, तहसील भोगांव में प्रगति बेहद खराब है। तहसील भोगांव के ग्राम छबीलेपुर, कमालपुर महमूदिया, अकबरपुर बिकु, रामनगरिया, चनेपुर, मुडई, वहदीनपुर, पटना टिलुआ, दुर्जनपुर, हुसैनपुर, हाजीपुर वरान, घूसमपुर में एवं तहसील किशनी के ग्राम धमियापुर, तरिहा, ख्वाजापुर, शिवसिंहपुर, बहरामऊ, अहमलपुर, टोडरपुर, नगला कले, नगला गवे, नगला पाण्डे, कैथपुर, रठेह, सींगपुर, नगला बले, महोली शमशेरगंज में भूमि क्रय की जानी है, सम्बन्धित उप जिलाधिकारी लीडरशिप देकर बैनामों की प्रगति में सुधार लायें।
इस दौरान अपर जिला अधिकारी श्याम लता आनंद, उप जिलाधिकारी किशनी, भोगांव गोपाल शर्मा, नीरज कुमार द्विवेदी, सहायक महा निबन्धक स्टाम्प पवित्र कुमार, एलबीसी वीरेश पाठक सहित सम्बन्धित ग्रामों के लेखपाल, राजस्व निरीक्षक आदि उपस्थित रहे।



