मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने जिला वृक्षारोपण समिति, जिला पर्यावरणीय समिति, जिला गंगा समिति, जिला आर्द्रभूमि समिति की समीक्षा के दौरान कहा कि वृहद वृक्षारोपण अभियान के दौरान रोपित पौधों की बेहतर देखभाल, सुरक्षा के प्रबंध किए जाएं, पौधों की पर्याप्त निराई, गुढ़़ाई कराई जाए, गत् वर्ष वृक्षारोपण अभियान के दौरान रोपित किए गए पौधों में से यदि कोई पौधा मृत हो गया है तो उसके स्थान पर तत्काल वन विभाग से नया पौधा प्राप्त कर रोपित किया जाये, रोपित किए गए शत-प्रतिशत पौधों की जीवितता सुनिश्चित की जाए, ठोस अपिशिष्ट, जैव चिकित्सा अपशिष्ट तथा ई-वेस्ट अपिशिष्ट की समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि जैव चिकित्सा अपिशिष्ट का निस्तारण नियमानुसार किया जा रहा है। उन्होने जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशाषी अधिकारी नगर निकाय को निर्देशित करते हुये कहा कि एम.आर.एफ. सेंटर क्रियाशील रहें, सॉलिड वेस्ट के निस्तारण के साथ मेडिकल वेस्ट के निस्तारण के उचित प्रबन्ध किये जायें, शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक कूड़ा उठान, निस्तारण के बेहतर प्रबन्ध किये जायें, जिन ग्रामों में ग्राम गंगा समितियों का गठन हो चुका है वहां प्रतिमाह बैठक आयोजित कराकर ग्रामीणों को जागरूक किया जाये। उन्होंने जिला उद्यान अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को अभियान के दौरान एक फलदार पौधा उपलब्ध कराया जाए और उन्हें पौधा रोपित कर उसकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया जाए।

श्री त्रिपाठी ने जिला पंचायत राज अधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारियों, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय को आदेशित करते हुए कहा कि समस्त ग्राम पंचायतों, नगरी निकायों में ग्रीन चौपाल का आयोजन कराया जाए, जिसके माध्यम से पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली को अपनाने, कृषि वानिकी के सतत् कृषि-वन मॉडल को प्रोत्साहित करने तथा पारंपरिक पर्यावरणीय ज्ञान को पुनर्स्थापित करने के प्रयास किये जाएं। उन्होंने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष हेतु वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत जनपद को 34 लाख पौधे रोपित करने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसमें से 10 लाख पौधे वन विभाग एवं 24 लाख पौधे अन्य विभागों द्वारा रोपित किए जाने हैं, ग्राम विकास विभाग द्वारा 12 लाख 46 हजार, कृषि विभाग द्वारा 02 लाख 81 हजार, पर्यावरण विभाग द्वारा 01 लाख 86 हजार, उद्यान विभाग द्वारा 01 लाख 74 हजार, पंचायती राज विभाग द्वारा 01 लाख 51 हजार एवं राजस्व विभाग द्वारा 01 लाख 18 हजार पौधे रोपित किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, संबंधित विभागों के अधिकारी वृक्षारोपण लक्ष्य की पूर्ति हेतु अभी से तैयारी प्रारंभ करंे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पौधारोपण हेतु भूमि का चिन्हांकन कर वहां गड्ढा खुदान कराकर सूचना वन विभाग को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी शिवम मिश्रा, अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनंद, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, उप कृषि निदेशक नरेन्द्र कुमार त्रिपाठी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी शिवम यादव, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अरूण कुमार शुक्ला, जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्रा, अधिशासी अभियंता सिंचाई, जल निगम राजीव कुमार, अंकित यादव के अलावा अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे, बैठक का संचालन क्षेत्रीय वनाधिकारी राजीव दीक्षित ने किया।



