मैनपुरी(सुवि)जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ तहसील सदर परिसर में स्थित इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन वेयर हाउस की वाह्य सुरक्षा का निरीक्षण करते हुए ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों से कहा कि पूरी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, परिसर में कोई भी कर्मी प्रतिबन्धित सामिग्री लेकर प्रवेश न करे, कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति वेयर हाउस परिसर में प्रवेश न करें, सी.सी.टी.वी. कैमरे 24 घंटे क्रियाशील रहें। उन्होने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों से कहा कि अपनी-अपनी शिफ्ट में समय से उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें, वेयर हाउस के चारों ओर घूमकर निगरानी करें, वेयर हाउस की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर कोताही न बरती जाये, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, नियमित रूप से परिसर की सफाई हो, वेयर हाउस की लॉगबुक, पंजिका अद्यावधिक रखी जाये।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनन्द, निर्वाचन कार्यालय से गोपाल गुप्ता, अविनाश सक्सेना, सुनील मिश्रा, अजय अम्बेश के अलावा अध्यक्ष नेशनल कॉग्रेस पार्टी गोपाल कुलश्रेष्ठ, जिलाध्यक्ष आम आदमी पार्टी संतोष कुमार, भारतीय जनता पार्टी से पंकज भदौरिया, अमित गुप्ता, समाजवादी पार्टी से राजीव कुमार, बहुजन समाज पार्टी से डा. अवनीश शाक्य आदि उपस्थित रहे।



