मैनपुरी 25 अप्रैल, 2026- जन-सुनवाई के दौरान जब सलेमपुर नि. नरेन्द्र सिंह ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह को बताया कि दिवगंत दादी के नाम प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजनान्तर्गत कनेक्शन लिया था, विभाग ने मीटर तो लगा दिया लेकिन पोल से लाइन नहीं जोड़ी, कुछ समय बाद रू. 25 हजार का बिल विद्युत विभाग द्वारा उपलब्ध कराया गया जबकि विभाग ने मीटर लगाने के बाद लाइन ही नहीं जोड़ी, जिस पर उन्होने अधीक्षण अभियंता विद्युत को शिकायती पत्र पृष्ठाकिंत करते हुए कहा कि प्रकरण की गहनता से जॉच कराकर तत्काल शिकायतकर्ता को राहत प्रदान करें। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसी भी उपभोक्ता को विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों की कार्यशैली के कारण असुविधा का सामना न करना पड़े, विभागीय अधिकारी गलत विद्युत बिलिंग में सुधार करायें। उन्होंने कहा कि तमाम उपभोक्ताओं के मन में स्मार्ट मीटर को लेकर भ्रम, आशंकाओं की स्थिति बनी हुई है, प्रदेश के मुख्यमंत्री ने अग्रिम आदेशों तक नए स्मार्ट मीटर की स्थापना पर रोक लगा दी है। उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत को आदेशित करते हुए कहा कि लोगों को स्मार्ट मीटर के प्रति जागरूक करें, विद्युत उप केंद्रों पर कैंप लगाकर स्मार्ट मीटर के उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान किया जाए, स्मार्ट मीटर के साथ समानांतर तौर पर सामान्य मीटर लगाकर रीडिंग ली जाए ताकि लोगों के बीच स्मार्ट मीटर को लेकर फैली भ्रांतियां दूर हो सकें। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के दृष्टिगत विद्युत आपूर्ति निर्वाध रूप से सुनिश्चित की जाए, बेवजह किसी भी फीडर पर रोस्टिंग न हो, खराब ट्रांसफार्मर तत्काल बदले जाएं, निजी नलकूपों को निर्धारित अवधि में विद्युत की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि किसी भी किसान को सिंचाई करने में असुविधा का सामना न करना पड़े।

पर्यटन मंत्री ने ग्राम ककरिया नि. राम सेवक द्वारा पट्टाशुदा भूमि की पैमाइश कराये जाने की मॉग पर राजस्व विभाग के अधिकारियों से कहा कि सुनिश्चित किया जाए की आवंटित पट्टों पर पट्टेदार ही काबिज रहें, भूमि पर अनाधिकृत कब्जों को लेकर भी राजस्व कर्मी सजग रहें, जबरन-गुंडई के बल पर भूमि पर किए गए कब्जों की शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापरक निराकरण किया जाए, एक बार पैमाइश के बाद कब्जा दिलाने के बाद यदि किसी के द्वारा पुनः कब्जा किया जाए तो उन्हें भू-माफिया में चिन्हित कर दंडात्मक कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के तत्काल निदान के लिए कृत-संकल्पित है, इसलिए किसी भी स्तर से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण पर किसी भी स्तर पर कोताही न बरती जाए।

जन-सुनवाई के दौरान ग्राम विक्कापुर नि. राम प्रकाश ने अमल दरामद कराने, टी.पी. नगर नि. सत्यवीर सिंह ने विपक्षीगणों द्वारा बैनामाशुदा भूमि पर जबरिया कब्जा करने तथा जान से मारने की धमकी दिये जाने, मु. सोतियाना नि. विक्रम राजपूत ने कृषि भूमि पर जबरन किये जा रहे अवैध कब्जे को रोके जाने, रैपुरा नि. प्रभूदयाल ने पैतृक भूमि गाटा संख्या-488 पर दबंगों द्वारा किये गये अवैध कब्जे को खाली कराये जाने, राजा का बाग नि. रानी ने प्रधानमंत्री आवास योजना में लाभान्वित कराये जाने, गौतमबुद्ध इंटर कॉलेज आगरा रोड नि. रूपलाल शाक्य ने गाटा संख्या-533 कृषि योग्य भूमि पर अनाधिकृत रूप से किये गये कब्जे से मुक्त कराये जाने, उद्दैतपुर परमकुटी नि. रामसिंह ने विपक्षियों द्वारा दबंगई, गुण्डई के बल पर खेत में डाले गये चकरोड की जॉच कराये जाने, ग्राम वड़ेरी नि. ललित कुमार, अरविन्द कुमार ने असामाजिक व्यक्तियों द्वारा विद्युत की 11 हजार की लाइन तोड़े जाने, ग्राम शिव नगर पुड़री नि. नीरज कुमार ने गाटा संख्या-5281, 2209 पर किये गये अनाधिकृत कब्जे को हटवाने की मांग अपने शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिस पर उन्होने सम्बन्धित अधिकारियों को पृष्ठाकिंत कर अगले सप्ताह तक निराकरण कर उप जिलाधिकारी के माध्यम से निस्तारण आख्या प्रस्तुत करने को कहा।

इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार, तहसीलदार हरेंश कर्दम के अलावा विद्युत विभाग से लालू जादौन, अश्वनी पाण्डेय, उदय चौहान, अर्जुन सिंह, प्रवेश शर्मा आदि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here